जरवलरोड बहराइच(तरुणमित्र संवाददाता)। शुक्रवार शाम जिलाधिकारी बहराइच अक्षय त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने दल बल के साथ घाघरा घाट स्थित संजय सेतु और वैकल्पिक पीपा पुल का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान डीएम ने मौके पर मिली खामियों को दूर करने के लिए संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि पीपा पुल मार्ग पर उड़ती धूल के कारण राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने तत्काल निर्देश दिए कि आवागमन वाले रास्तों पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराया जाए। साथ ही, समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों का संज्ञान लेते हुए उन्होंने ‘अप’ और ‘डाउन’ दोनों पीपा पुलों पर पर्याप्त प्रकाश लाइटिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है।
साथ ही आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए पीपा पुल के पास आपदा प्रबंधन बल की तैनाती, एम्बुलेंस के साथ चिकित्सकों की टीम की चौबीस घंटे उपलब्धता, यातायात सुचारू रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस की सक्रियता, पीडब्ल्यूडी कर्मचारियों की शिफ्टवार तैनाती के भी निर्देश दिए है। डीएम अक्षय त्रिपाठी ने स्पष्ट लहजे में चेतावनी दी कि मरम्मत कार्य और व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कोई कमी पाई गई, तो संबंधित विभाग की जिम्मेदारी तय करते हुए सख्त कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान एडीएम अमित कुमार, एएसपी नगर आयुष विक्रम सिंह, एसडीएम कैसरगंज अखिलेश कुमार सिंह, सीओ ट्रैफिक राज सिंह, सीओ कैसरगंज डीके श्रीवास्तव, पीडब्ल्यूडी एक्सियन अमर सिंह, एनएचएआई के रेजिडेंट इंजीनियर अनंत राम मौर्य , जेई विपुल श्रीवास्तव और जरवल रोड थाना प्रभारी संतोष सिंह सहित बहराइच व बाराबंकी जिले के कई आला अधिकारी मौजूद रहे।












