नई दिल्ली। अर्थव्यवस्था के र्मोचे पर अच्छी खबर है। देश के आठ प्रमुख बुनियादी उद्योगों के उत्पादन में अप्रैल में 1.7 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। अप्रैल, 2025 में इन आठ उद्योगों का उत्पादन एक फीसदी बढ़ा था। मार्च में यह वृद्धि दर 1.2 फीसदी रही थी।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय की ओर से बुधवार को जारी आंकड़ों के अनुसार अप्रैल में भारत के आठ प्रमुख बुनियादी उद्योगों का उत्पादन 1.7 फीसदी बढ़ा है। इस वृद्धि को मुख्य रूप से सीमेंट, इस्पात और बिजली क्षेत्रों के शानदार प्रदर्शन से बल मिला है, जबकि पांच अन्य क्षेत्रों में गिरावट दर्ज की गई।
आंकड़ों के अनुसार आठ प्रमुख बुनियादी सेक्टरों में से सीमेंट का उत्पादन अप्रैल में साल-दर-साल सबसे ज्यादा 9.4 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज हुई है, इसके बाद स्टील में 6.2 फीसदी और बिजली उत्पादन में 4.1 फीसदी की बढ़ोतरी हुई।
हालांकि, अप्रैल महीने में कोयला, कच्चा तेल, प्राकृतिक गैस, रिफाइनरी उत्पादों और उर्वरकों के उत्पादन में गिरावट आई है, जो ऊर्जा और कमोडिटी चेन के कुछ हिस्सों में लगातार बनी कमजोरी को दिखाता है।
उल्लेखनीय है कि ये 8 बुनियादी उद्योग देश के औद्योगिक उत्पादन सूचकांक (आईआईपी) में महत्वपूर्ण (40.27 फीसदी) हिस्सेदारी रखते हैं, जो इन आठ प्रमुख उद्योगों कोयला, कच्चा तेल, प्राकृतिक गैस, रिफाइनरी उत्पाद, उर्वरक, इस्पात, सीमेंट और बिजली के उत्पादन को मापता है।












