HomeHealth & Fitnessबिजुआ में बिजली संकट से मचा हाहाकार,रातभर ब्लैकआउट से जनता बेहाल

बिजुआ में बिजली संकट से मचा हाहाकार,रातभर ब्लैकआउट से जनता बेहाल

पडरियातुला-खीरी,18 जुलाई(तरुणमित्र)। बरसात के मौसम में बिजुआ क्षेत्र की बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। पिछले कई दिनों से लगातार रातभर बिजली गायब रहने के कारण ग्रामीणों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। क्षेत्र के लोगों का आरोप है कि रात लगभग 10 बजे से सुबह 5 बजे तक अधिकांश इलाकों में ब्लैकआउट जैसी स्थिति बनी रहती है।
 
बिजली विभाग ट्रांसफार्मर फॉल्ट, ओवरलोड, शेडिंग और रोस्टिंग का हवाला देकर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ता नजर आ रहा है। लगातार बिजली कटौती के कारण घरों में लगे इन्वर्टर भी जवाब दे चुके हैं। बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, वहीं बुजुर्गों, मरीजों और छोटे बच्चों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
 
ग्रामीणों का कहना है कि अंधेरे का फायदा उठाकर चोर भी सक्रिय हो गए हैं। इससे पहले भी बिजली गुल रहने के दौरान क्षेत्र में कई घरों को निशाना बनाया जा चुका है। लगातार अंधेरा रहने से गलियों में सन्नाटा और लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।
 
बिजुआ क्षेत्र के ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो वे सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होंगे। ग्रामीणों ने प्रशासन और विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप कर क्षेत्र में नियमित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments