खेसरहा विकास खंड क्षेत्र के ग्राम पंचायत बिशुनपुर मुस्तहकम स्थित कंपोजिट विद्यालय की हालत इन दिनों बेहद खराब बनी हुई है। विद्यालय में बाउंड्री वॉल न होने से अराजक तत्व परिसर में घुसकर तोड़फोड़ कर रहे हैं और गंदगी फैला रहे हैं, जिसका सीधा असर बच्चों की पढ़ाई पर पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, विद्यालय परिसर में खुलेआम शौच किया जा रहा है। दिव्यांग शौचालय के बाहर भी गंदगी का अंबार लगा हुआ है, जिससे वातावरण दूषित हो रहा है। वहीं विद्यालय का फर्श भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया है, जिससे बच्चों को बैठने में परेशानी हो रही है। प्रधानाध्यापक नीरज मिश्रा ने बताया कि बाउंड्री वॉल न होने के कारण समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय पहुंचने के बाद सबसे पहले सफाई करानी पड़ती है, तब जाकर पढ़ाई शुरू हो पाती है। इससे शिक्षण कार्य प्रभावित हो रहा है। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मोहन कसौधन ने कहा कि कई बार उच्च अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया गया है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। वहीं अभिभावकों रामराज, बबलू, रामकिशोर और नारायण ने नाराजगी जताते हुए कहा कि उनके बच्चे गंदगी के बीच पढ़ने को मजबूर हैं। उन्होंने विद्यालय की सुरक्षा के लिए जल्द बाउंड्री वॉल बनवाने की मांग की है। खंड विकास अधिकारी अमित कुमार ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी और आवश्यक कार्रवाई जल्द सुनिश्चित की जाएगी।
बिशुनपुर मुस्तहकम में कंपोजिट विद्यालय का बाउंड्री वॉल नहीं:गंदगी और अराजकता के बीच पढ़ने को मजबूर बच्चे
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












