लखनऊ। जेद्दा से लौटे हज यात्रियों के दूसरे जत्थे ने मंगलवार दोपहर लखनऊ हवाई अड्डे पर हंगामा किया। उन्होंने फ्लाइनेस विमानन कंपनी के कर्मचारियों पर लॉक तोड़कर लगेज से महंगा सामान निकालने का आरोप लगाया। इस दौरान यात्रियों की विमानन कंपनी के कर्मचारियों से नोकझोंक भी हुई। वहीं बुधवार को एयरपोर्ट प्रशासन सतर्क नजर आया।
जानकारी के मुताबिक़ जेद्दा से फ्लाइनेस की उड़ान (एक्सवाई 9062) के जरिये 423 हज यात्री दोपहर करीब 1:30 बजे लखनऊ पहुंचे। हवाई अड्डे पर सामान लेने के दाैरान कुछ यात्रियों को पता चला कि उनके लगेज लखनऊ पहुंचे ही नहीं। वहीं, कुछ यात्रियों के लगेज के चेन व ताले टूटे थे और कीमती सामान गायब थे। इत्र, कलाई घड़ी, नकाब, बुर्के, जानमाज और बच्चों के खिलौने गायब होने की शिकायतें मिलीं। एक यात्री ने उनके दोनों लगेज गायब होने का आरोप लगाया। भड़के यात्रियों ने विमानन कंपनी के काउंटर पर जमकर हंगामा किया। उन्होंने घटना की वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
वायरल वीडियो में एक बुजुर्ग बेसुध होकर जमीन पर गिरता नजर आया। जबकि एक महिला ने आरोप लगाते हुए वीडियो जारी किया कि उनके सामान से सोने की दो नाक की कील, 5 सिल्वर रिंग, 6 परफ्यूम, 5 हिजाब और बच्चों के खिलौने तक चोरी हो गए, लेकिन वहां कोई सुध लेने वाला नहीं है। विमानन कंपनी के अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों के सामान में मानक से अधिक सामान था। इस कारण कुछ सामान जेद्दा में ही रोक लिया गया था। अधिकारियों ने यात्रियों को दूसरे विमान से जल्द सामान पहुंचाने का आश्वासन दिया।
हालांकि, नाराज यात्री चोरी के आरोप पर अड़े रहे। वहीं बुधवार को हज यात्रा से लौटे यात्रियों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। एक दिन पहले सामान चोरी के आरोपों और हंगामे के बाद एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की थीं, जिसकी यात्रियों ने सराहना की। भीषण गर्मी से राहत दिलाने के लिए वॉटर कूलर और एयर कूलर भी लगाए गए। इसके अलावा, खाने-पीने की विशेष व्यवस्था की गई, जहां स्टॉलों पर उचित दरों पर खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराए गए। भीड़ को नियंत्रित करने और आवाजाही सुचारु बनाए रखने के लिए क्यू मैनेजर्स भी तैनात किए गए थे।
हाजियों की घटना पर भड़के धर्मगुरु सुफियान निजामी
एयरपोर्ट से लगातार ऐसी वीडियो वायरल हो रही है जिसमें हाजी सामान चोरी और अन्य चीजों का आरोप लगा रहे है। इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया के प्रवक्ता मौलाना सुफियान निजामी ने कहा कि एयरपोर्ट से आने वाली वीडियो और फोटो बेहद शर्मनाक है। हाजियों को पूरी सुरक्षा मिलनी चाहिए और उनके सामान की भी देखभाल होना चाहिए।
.png)
मौलाना सुफियान निजामी
मौलाना ने कहा कि जहां एयरपोर्ट पर जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगे हो। हर एक व्यक्ति की निगरानी हो वहां ऐसी हरकत कैसे हो सकती है। हाजियों के साथ जो बर्ताव हो रहा है इसका जितना विरोध किया जाए कम है। हाजी अपने जीवन भर की जमा पूंजी लगाकर हज पर जाता है। यह बहुत ही मुबारक सफर होता है और जब वह वहां से लौटता है तो खुशी से अपने दोस्तों और रिश्तेदारों के लिए तोहफे लेकर आता है।












