श्रावस्ती में एक दुकान से पिस्टल के बल पर एक लाख रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।कोतवाली भिनगा पुलिस ने रविवार 4:00 बजे के बाद बताया कि आरोपियों के कब्जे से अवैध .32 बोर की देशी पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस, चाकू, लोहे का पाइप, सरिया, एक स्कार्पियो वाहन, तीन मोबाइल फोन और 11,087 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। दरअसल यह मामला 22 अगस्त को सामने आया था, जब केवलपुर नौबस्ता निवासी दानबीर कर्ण सिंह ने कोतवाली भिनगा में तहरीर दी।उन्होंने आरोप लगाया कि शिवाकांत उर्फ शिवा, मोनू सोनी उर्फ मनीष सोनी, रविंद्र कुमार सिंह और दो अज्ञात व्यक्ति हथियारों से लैस होकर उनकी दुकान में घुस आए। तहरीर के अनुसार, आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए पिस्टल दिखाकर दानबीर कर्ण सिंह को जान से मारने की धमकी दी।उन्होंने एक लाख रुपये की मांग करते हुए जबरन वसूली का प्रयास किया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एक टीम गठित की। लगातार दबिश के बाद, पुलिस टीम ने 23 अगस्त की रात 12:35 बजे बैरागी जोत और बसकुड़ी गांव के बीच पुल के पास घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उदईपुर निवासी शिवाकांत मिश्रा उर्फ शिवा, नौबस्ता निवासी मोनू सोनी उर्फ मनीष कुमार सोनी और भैयापुरवा निवासी रविंद्र कुमार सिंह के रूप में हुई है।पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार और अन्य सामान बरामद किया। बरामद पिस्टल और कारतूस के आधार पर मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई हैं। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार शिवाकांत के खिलाफ भिनगा और बहराइच थानों में मारपीट, धमकी और अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।इसी तरह, मोनू सोनी के खिलाफ भी पूर्व में मारपीट,धमकी और एससी-एसटी एक्ट से संबंधित मुकदमे दर्ज होने की जानकारी मिली है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक राज प्रकाश सिंह के नेतृत्व में कोतवाली भिनगा पुलिस टीम ने की। पुलिस अब इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
श्रावस्ती में एक लाख की रंगदारी मांगने वाले तीन गिरफ्तार:पिस्टल लेकर दुकान में घुसे,अवैध पिस्टल, कारतूस, चाकू, वाहन और नकदी बरामद
RELATED ARTICLES












