हमीरपुर। उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के मौदहा थाना क्षेत्र स्थित खण्डेह गांव में सोमवार को तालाब में नहाने के दौरान डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अपर पुलिस अधीक्षक एके वर्मा ने बताया कि राम जानकी मंदिर स्थित तालाब में गांव के तीन लड़के नहाने गये। नहाने के दौरान तीनों बच्चे पानी में डूब गये। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण और परिजन तुरंत तालाब की ओर दौड़ पड़े।
ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद तीनों बच्चों को तालाब से बाहर निकाला और आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मौदहा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। बच्चों की पहचान प्रबल (10), आदित्य (9) और भोला (10) की मौत हो गई। तीनों बच्चे खण्डेह गांव, थाना मौदहा, जनपद हमीरपुर के निवासी थे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी।












