उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एसीओ) और उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा लेखपालों के खिलाफ की जा रही कथित अनुचित ट्रैप कार्रवाई के विरोध में मोर्चा खोल दिया है। संघ के प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर आज तहसील में धरना दिया जाएगा। इकौना तहसील इकाई ने उपजिलाधिकारी को पत्र भेजकर मामले में निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। संघ ने अपने पत्र में कहा है कि लेखपाल ग्रामीण क्षेत्रों में कठिन परिस्थितियों में शासन की योजनाओं और राजस्व संबंधी दायित्वों का निर्वहन करते हैं। किसी भी निर्दोष कर्मचारी के खिलाफ गलत या सुनियोजित ट्रैप कार्रवाई से उसका सेवाकाल, सामाजिक प्रतिष्ठा और पारिवारिक जीवन गंभीर रूप से प्रभावित होता है।लेखपाल संघ ने स्पष्ट किया है कि वह भ्रष्टाचार के खिलाफ निष्पक्ष और वैधानिक कार्रवाई का समर्थन करता है। हालांकि, संघ ने यह भी कहा कि नियमविरुद्ध कार्रवाई किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी।पत्र में जनपद अयोध्या की तहसील सोहावल में लेखपाल उत्कर्ष दीप के साथ हुई घटना का विशेष रूप से उल्लेख किया गया है। संघ के अनुसार, उपलब्ध सीसीटीवी रिकॉर्डिंग के अवलोकन से प्रथम दृष्टया रिश्वत मांगने का कोई स्पष्ट तथ्य सामने नहीं आता है।संघ ने इस मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने, लेखपाल के विरुद्ध की गई कार्रवाई को समाप्त करने और दोषी अधिकारियों-कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।इस दौरान लेखपाल संघ के तहसील अध्यक्ष मधुप चंद्र विक्रम यादव, प्रमोद मिश्रा, राजेश वर्मा, जगतराम शुक्ला, ललिता सिंह, सिम्पी शुक्ला, योगेश मिश्रा और अर्जुन पटेल सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
लेखपाल संघ ने एसीओ कार्रवाई के विरोध में खोला मोर्चा:इकौना में प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर तहसील में धरना
RELATED ARTICLES












