HomeHealth & Fitnessदक्षिण बंगाल में गरज-चमक के साथ बारिश, उत्तर बंगाल में भारी वर्षा...

दक्षिण बंगाल में गरज-चमक के साथ बारिश, उत्तर बंगाल में भारी वर्षा का अनुमान

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में भीषण गर्मी और उमस से लोग बेहाल हैं। सुबह आठ बजे के बाद से ही कोलकाता में चिपचिपी गर्मी का असर बढ़ने लगता है, जिससे दिनभर लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को राज्य के कई जिलों में आंशिक राहत मिल सकती है, क्योंकि कालबैसाखी के असर से कई स्थानों पर तेज बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है।

मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, कोलकाता और आसपास के इलाकों में अगले 24 घंटे के दौरान आकाश आंशिक रूप से बादलों से ढका रह सकता है। सुबह के समय शहर के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है।

दक्षिण बंगाल में मौसम का मिजाज अलग-अलग जिलों में अलग रहेगा। कई क्षेत्रों में गरज के साथ बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। कुछ स्थानों पर हवा की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इससे पेड़ गिरने और बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका भी जताई गई है।

पूर्व और पश्चिम बर्धमान, बीरभूम, मुर्शिदाबाद, नदिया, हुगली और उत्तर 24 परगना जैसे जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बिजली कड़कने की संभावना है। वहीं, दक्षिण बंगाल के अन्य जिलों में भी कुछ इलाकों में बारिश देखने को मिल सकती है।

दूसरी ओर, झारग्राम, पश्चिम मेदिनीपुर, बांकुड़ा और पश्चिम बर्धमान के कुछ हिस्सों में गर्म और उमस भरा मौसम लोगों को परेशान करता रह सकता है।

उधर, उत्तर बंगाल में मौसम पूरी तरह से बारिश के अनुकूल बना हुआ है। दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, कूचबिहार और अलीपुरद्वार सहित पहाड़ी और तराई क्षेत्रों में अगले 24 घंटे के दौरान तेज बारिश की संभावना है। कई जगहों पर भारी वर्षा के साथ तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments