HomeHealth & Fitnessदर्दनाक हादसा: अवैध खनन के गड्ढे में डूबने से दो चचेरे भाइयों...

दर्दनाक हादसा: अवैध खनन के गड्ढे में डूबने से दो चचेरे भाइयों समेत तीन युवकों की मौत

बाड़मेर। जिले के ग्रामीण थाना क्षेत्र के दरूड़ा गांव में शुक्रवार को अवैध खनन से बने पानी से भरे गहरे गड्ढे में डूबने से दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई।

एक युवक का पैर फिसलने से वह गड्ढे में गिर गया था, जिसे बचाने के लिए उसका चचेरा भाई भी पानी में कूद गया, लेकिन दोनों गहराई में डूब गए। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार दरूड़ा गांव निवासी देवराम (18) पुत्र किशनाराम, उसका चचेरा भाई किरताराम (20) पुत्र गणेशकुमार तथा गांव का ही युवक प्रवीण किसी से मिलने के लिए घर से निकले थे।

घर से करीब आधा किलोमीटर दूर स्थित एक स्टोन क्रेशर के पास पानी से भरे गहरे गड्ढों के पास से गुजरते समय देवराम का पैर फिसल गया और वह गड्ढे में जा गिरा।

उसे बचाने के लिए किरताराम ने भी बिना देर किए छलांग लगा दी, लेकिन वह भी गहरे पानी में डूब गया। तीसरे साथी प्रवीण ने तुरंत शोर मचाकर ग्रामीणों और परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और जसाई स्थित सेना को सूचना दी।

इसके बाद सेना के जवान, सिविल डिफेंस और पुलिस की टीम ने संयुक्त रूप से करीब एक घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाया। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों युवकों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक के चाचा सुरताराम ने बताया कि गांव में करीब 20 से 30 स्टोन क्रेशर संचालित हैं और अवैध खनन के कारण 50 से 100 फीट तक गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिनमें बारिश का पानी भरा रहता है। गांव का रास्ता भी इन गड्ढों के पास से गुजरता है, जिससे लगातार हादसों का खतरा बना रहता है।

ग्रामीण थाना के एएसआई ज्ञानसिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। सेना और सिविल डिफेंस की टीम ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया। दोनों शवों को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है तथा मामले की जांच की जा रही है।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments