नानपारा में शनिवार को गर्मी से राहत पाने के लिए नदी में नहाने गए दो युवकों की डूबने से मौत हो गई। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को नदी से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना से गांव में मातम पसर गया है। यह घटना कोतवाली नानपारा क्षेत्र के नारायनपुर कला स्थित तप्सी दास मंदिर के पास हुई। मृतकों की पहचान गोकुलपुर चंदनपुर निवासी अमित कुमार वर्मा (26) पुत्र राम सिंह और अतुल कुमार वर्मा (31) पुत्र केदारनाथ वर्मा के रूप में हुई है। दोनों युवक नदी में नहाते समय गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। युवकों के डूबने का शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। काफी प्रयास के बाद दोनों को पानी से बाहर निकाला गया। इसके बाद ग्रामीण और परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिहिपुरवा ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के उपरांत दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली नानपारा के उपनिरीक्षक मनीष यादव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना स्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल शुरू की। मृतक अमित कुमार वर्मा एक पूर्व प्रधान के बेटे थे, जबकि अतुल कुमार वर्मा की एक साल की बेटी है। दोनों युवक खेती-किसानी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। दोनों का विवाह हो चुका था। परिवार के दो कमाऊ सदस्यों की मौत से उनके घरों में कोहराम मचा हुआ है। उपनिरीक्षक मनीष यादव ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवकों की मौत डूबने से हुई प्रतीत हो रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नानपारा में नदी में डूबे दो युवक:ग्रामीणों ने निकाला, अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












