Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)नानपारा में अघोषित बिजली कटौती:बंजारन टांडा केंद्र से जुड़े गांवों में लोग...

नानपारा में अघोषित बिजली कटौती:बंजारन टांडा केंद्र से जुड़े गांवों में लोग परेशान, जेई ने दिया समाधान का आश्वासन


बहराइच जनपद के नानपारा तहसील क्षेत्र में बंजारन टांडा विद्युत केंद्र से जुड़े दर्जनों गांवों में अघोषित बिजली कटौती से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। माघी, सरैया, महोली शेर खान, तकिया बंजरिया, पतरहिया और नरायनपुर कला सहित कई गांवों में दिन ढलते ही बिजली गुल हो जाती है। इससे भीषण गर्मी में लोग पूरी रात परेशान रहते हैं। रात के समय घरों के भीतर रहना मुश्किल हो गया है। उमस और तेज गर्मी के कारण ग्रामीण अपने बच्चों के साथ सड़कों और खुले स्थानों पर निकलने को मजबूर हैं। बिजली न होने से पंखे, कूलर और पानी की मोटरें बंद पड़ी हैं, जिससे पीने के पानी की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को विशेष कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि जब उन्होंने नानपारा बंजारन टांडा विद्युत विभाग से संपर्क किया, तो अधिकारियों ने ‘होस्टिंग/लोड’ का बहाना बनाकर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया। उपभोक्ताओं का कहना है कि यदि बिजली आपूर्ति जल्द बहाल नहीं की गई, तो यह स्थिति लोगों को बीमारियों की ओर धकेल सकती है। भोला खान, गौरी शंकर मौर्य, राजेश कुमार मौर्य, शोभाराम चौहान, शकूर, पप्पल, टांडे मुल्ला, सिराजुल खान और अच्छन खान सहित कई उपभोक्ताओं ने चेतावनी दी है। उनका कहना है कि यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो वे अपने बिजली कनेक्शन कटवाने पर विचार करेंगे। उन्होंने प्रशासन और उच्चाधिकारियों से तत्काल निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। विद्युत विभाग के जेई ने बताया कि क्षेत्र में बिजली आपूर्ति को जल्द ही सुचारु कर दिया जाएगा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments