HomeHealth & Fitnessबेकाबू डम्पर ने बिजली के चार खम्भों को तोड़ा,12 घंटे तक बिजली...

बेकाबू डम्पर ने बिजली के चार खम्भों को तोड़ा,12 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित

लखनऊरहीमाबाद थाना क्षेत्र के उतरेहटा गांव के पास शनिवार देर रात करीब 2 बजे खनन कार्य में लगे एक तेज रफ्तार डंपर ने बिजली के चार पोलों को टक्कर मार दी। इस हादसे में पोल टूटकर सड़क पर गिर गए, जिससे क्षेत्र के सौ से अधिक घरों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। लगभग 12 घंटे तक बिजली गुल रहने से स्थानीय ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

रविवार सुबह तक टूटे हुए बिजली के पोल और तार सड़क पर पड़े रहे, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहा। इस घटना से नाराज ग्रामीणों ने प्रशासन और खनन कार्य में लगे लोगों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि तेज रफ्तार डंपरों के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है और टूटे तारों से किसी की जान भी जा सकती थी।

सूचना मिलने पर विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। विभाग ने दोपहर तक खनन कार्य करा रहे लोगों से टूटे पोलों की लागत जमा कराकर नए पोल लगवाए। इसके बाद क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बहाल की जा सकी। गहदो क्षेत्र के जेई राजकुमार ने बताया कि सुबह घटना की जानकारी मिलते ही टीम मौके पर पहुंच गई थी।

उन्होंने पुष्टि की कि चार बिजली के पोल पूरी तरह से टूट गए थे। जेई ने यह भी बताया कि पोल तोड़ने वाले पक्ष से ही नए पोल लगवाकर बिजली आपूर्ति फिर से शुरू की गई है। रविवार दोपहर बाद रहीमाबाद इंस्पेक्टर अरुण कुमार त्रिगुणायक ने जानकारी दी कि खनन में लगे डंपरों से हुई इस घटना की सूचना खनन इंस्पेक्टर को दे दी गई है। इसके अतिरिक्त, मामले की विस्तृत रिपोर्ट के लिए हल्का लेखपाल से भी रिपोर्ट मांगी गई है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments