Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)‘कैंसर मुक्त भारत यात्रा’ के तहत छात्राओं को किया जागरूक:बहराइच में सर्वाइकल...

‘कैंसर मुक्त भारत यात्रा’ के तहत छात्राओं को किया जागरूक:बहराइच में सर्वाइकल कैंसर, HPV संक्रमण और टीकाकरण पर दी जानकारी, निकाली रैली


बहराइच में स्त्री वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से ‘आनंदी मां- एक जीवन बचाओ’ एवं ‘कैंसर मुक्त भारत यात्रा’ अभियान के तहत शनिवार को सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 9 से इंटरमीडिएट तक की छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर, ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (HPV) संक्रमण, टीकाकरण और समय पर जांच के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। फाउंडेशन की अध्यक्ष सुमेधा नीलू त्रिवेदी ने बताया कि यह अभियान उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य प्रदेश के विद्यालयों, महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों तक पहुंचकर किशोरियों एवं महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के प्रति जागरूक करना तथा ‘कैंसर मुक्त भारत’ अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देना है।
कार्यक्रम में महिला एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. सुगुना वर्मा, डॉ. संगीता मेहता तथा सीरम कंपनी के डिवीजन हेड ए.पी. सिंह ने छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर के कारण, शुरुआती लक्षण, बचाव के उपाय, HPV वैक्सीन और नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व के बारे में जानकारी दी। विशेषज्ञों ने कहा कि समय पर टीकाकरण, नियमित जांच और सही जानकारी से सर्वाइकल कैंसर की प्रभावी रोकथाम संभव है। जागरूकता सेमिनार के बाद ‘कैंसर मुक्त भारत यात्रा’ के तहत विद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में विशाल जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने हाथों में जागरूकता संदेशों वाले पोस्टर लेकर लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। इस दौरान फाउंडेशन की ओर से सभी छात्राओं एवं विद्यालय स्टाफ को ‘कैंसर मुक्त भारत’ का संकल्प भी दिलाया गया। कार्यक्रम में “जागरूकता ही सुरक्षा है, समय पर जांच ही जीवन की आशा है”, “HPV वैक्सीन अपनाएं, सर्वाइकल कैंसर को हराएं” तथा “स्वस्थ नारी–सशक्त नारी, कैंसर मुक्त भारत” जैसे नारों के माध्यम से जनजागरूकता का संदेश दिया गया। फाउंडेशन ने बताया कि यह अभियान आगामी दिनों में प्रदेश के विभिन्न जिलों के शैक्षणिक संस्थानों में भी लगातार चलाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक किशोरियों और महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम एवं HPV टीकाकरण के प्रति जागरूक किया जा सके।
इस अवसर पर फाउंडेशन की उपाध्यक्ष खुशबू तिवारी, मिशन प्रभारी नैंसी सिंह, विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं तथा स्त्री वेलफेयर फाउंडेशन के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments