गुमला । जिले के चैनपुर प्रखंड के कुरुमगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत लुरु गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां बुधवार की रात घर में घुसे अज्ञात बदमाशों ने 75 वर्षीय एक बुजुर्ग की बेरहमी से मारपीट कर और गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात में मृतक की पत्नी भी गंभीर रूप से घायल हो गई हैं । उनका इलाज सदर अस्पताल गुमला में चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक शिबू उरांव (75) अपनी पत्नी धानो देवी और पुत्रवधू के साथ रहते थे। बुधवार की रात गांव में किसी के यहां विवाह था जिसमें शामिल होने के लिए उनकी पुत्रवधू गई हुई थी। घर पर केवल बुजुर्ग दंपति ही मौजूद थे।
इसी दौरान रात के अंधेरे में तीन से चार अज्ञात लोग घर में घुस गए और अचानक बुजुर्ग दंपति पर जानलेवा हमला कर दिया। बदमाशों ने शिबू उरांव के साथ बुरी तरह मारपीट की और गला दबाकर उनकी हत्या कर दी।
इस हमले में उनकी पत्नी धानो देवी भी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल धानो देवी को आनन-फानन में अस्पताल भेजा गया। फिलहाल उनका इलाज गुमला सदर अस्पताल में चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही कुरुमगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं हत्या की जानकारी मिलते ही चैनपुर एसडीपीओ श्रुति अग्रवाल और सर्किल इंस्पेक्टर भी दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की गहनता से छानबीन शुरू कर दी।












