बहराइच: जनपद के देहात कोतवाली क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में पान दुकानदार की सर्पदंश से मौत हो गई। दुकान की सफाई करते समय छिपे सांप ने उसे डस लिया। गंभीर हालत में पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और फिर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान 31 वर्षीय रमेश कुमार, निवासी सबलापुर तमोलीन पुरवा के रूप में हुई है। वह बहराइच-सीतापुर हाईवे पर पारसनाथ इंटर कॉलेज मोड़ के पास पान की दुकान चलाते थे।दोपहर करीब 12 बजे वह अपनी दुकान की नियमित सफाई कर रहे थे। इसी दौरान दुकान में छिपे सांप ने अचानक उन्हें डस लिया।
सर्पदंश के बाद आसपास के लोगों ने तत्काल एम्बुलेंस बुलाकर उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रमपुरवा पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिजन उन्हें मेडिकल कॉलेज ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
बरसात के मौसम में सांपों के घरों, दुकानों और गोदामों में छिपने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। ऐसे में सफाई या सामान हटाते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है। विशेषज्ञों के अनुसार, सर्पदंश होने पर झाड़-फूंक के बजाय तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाना ही सबसे सुरक्षित और प्रभावी उपाय है।
#उत्तरप्रदेश #उत्तरप्रदेशन्यूज़ #यूपीन्यूज़ #UPNews #UttarPradeshNews #HindiNews #BreakingNews #आजकीखबर #ताज़ाखबर #यूपीसमाचार













