गोरखपुर (मेडिकल कॉलेज से सतीश तिवारी की रिपोर्ट)रामगढ़ताल क्षेत्र के मंझरिया बड़गो गांव में खेत के विवाद को लेकर हुई मारपीट में दो सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान एक भाई की मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत को लेकर परिजनों ने निजी अस्पताल पर गंभीर आरोप लगाते हुए देर रात तक हंगामा किया। सूचना पर पहुंची गुलरिहा पुलिस हालात को संभालते हुए देर रात दूसरे भाई के शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी गृह भेज दिया।
जानकारी के अनुसार,रामगढ़ताल क्षेत्र मंझरिया बड़गो निवासी अक्षयवर निषाद (45) और उनके भाई पप्पू निषाद (40) पुत्र मांगुर का 28 अप्रैल की सुबह करीब 10 बजे पड़ोस में रहने वाले सुमित निषाद, राजकुमार निषाद, नेहा निषाद और रामवती निषाद से खेत को लेकर विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया, जिसमें दोनों भाइयों के सिर पर गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद दोनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। परिजन उन्हें मेडिकल कॉलेज न ले जाकर बेहतर इलाज के लिए निजी रीजेंसी हॉस्पिटल ले गए। परिजनों के मुताबिक, सुबह करीब 11 बजे पप्पू निषाद की रीजेंसी हॉस्पिटल में इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं देर रात करीब 10:30 बजे अस्पताल के डॉक्टरों ने अक्षयवर निषाद की हालत गंभीर बताते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज ले जाने को कहा और एंबुलेंस में शिफ्ट कर दिया। परिजनों ने आरोप लगाया कि अक्षयवर निषाद की मौत पहले ही हो चुकी थी और अस्पताल स्टाफ ने उन्हें एंबुलेंस में रखने के बाद मौके से फरार हो गया। साथ ही परिजनों ने यह भी सवाल उठाया कि सिर में चोट होने के बावजूद पेट का ऑपरेशन क्यों किया गया। उन्होंने आशंका जताई कि कहीं मरीज की किडनी तो नहीं निकाल ली गई। घटना को लेकर परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया, जो देर रात तक चलता रहा। सूचना पर पहुंची गुलरिहा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और अक्षयवर निषाद के शव को मर्चरी गृह भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।












