Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)जैता जानकीनगर में दो माह से नेटवर्क ठप:कॉल ड्रॉप, इंटरनेट बंद से...

जैता जानकीनगर में दो माह से नेटवर्क ठप:कॉल ड्रॉप, इंटरनेट बंद से ग्रामीण प्रभावित; डीएम से जांच की मांग


जमुनहा तहसील के जैता जानकीनगर में मोबाइल नेटवर्क पिछले दो महीने से ठप हैं। इससे परेशान ग्रामीणों ने शनिवार को टावरों के सामने विरोध प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी से स्थायी समाधान की मांग की। ग्रामीणों के अनुसार, जैता जानकीनगर में लगे दोनों टावरों से करीब एक किलोमीटर के दायरे में आने वाले चनैनी, चमरपुरवा और माल्ही चौराहा सहित दर्जनों गांवों में नेटवर्क की स्थिति बेहद खराब है। उपभोक्ता महंगे रिचार्ज कराने के बावजूद सेवा का लाभ नहीं ले पा रहे हैं। कॉल ड्रॉप, बातचीत के दौरान आवाज गायब होना और इंटरनेट का काम न करना दैनिक समस्या बन गई है। नेटवर्क ठप होने से छात्रों की ऑनलाइन पढ़ाई और आपातकालीन सेवाएं सबसे अधिक प्रभावित हुई हैं। छात्र ऑनलाइन कक्षाओं में शामिल नहीं हो पा रहे हैं, वहीं आपात स्थिति में एम्बुलेंस या परिजनों से संपर्क करना भी मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों ने इसे सेवा प्रदाता कंपनियों की लापरवाही बताया है। समस्या से आक्रोशित ग्रामीणों ने जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग से दोनों टावरों की तकनीकी जांच कराने और नेटवर्क समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है। विरोध प्रदर्शन में तुफैल अहमद, साबित राम, सैफू खान, मुख्तियार खान, रियाज, रमेश, कमलेश, राजू, शत्रोहन, कंधई, मुकर्रम, अच्छन, महफूज, हांगनु, तुलसीराम, नूरूस्सलाम, सद्दाम, इब्राहिम, उस्मान, आमिर, बुद्धसागर, सिराज, सांजू, मैनुद्दीन और हसीब सहित दर्जनों ग्रामीण शामिल थे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular