Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)एथनॉल फैक्ट्री के खिलाफ ग्रामीणों का विरोध:डीएम से निर्माण रोकने और पर्यावरणीय...

एथनॉल फैक्ट्री के खिलाफ ग्रामीणों का विरोध:डीएम से निर्माण रोकने और पर्यावरणीय जांच की मांग

#बस्ती_न्यूज

बस्ती के रुधौली थाना क्षेत्र के दसिया गांव में प्रस्तावित एथनॉल फैक्ट्री का स्थानीय ग्रामीणों ने विरोध तेज कर दिया है। सोमवार को विभिन्न गांवों के लोगों ने जिलाधिकारी को एक प्रार्थना-पत्र सौंपा। इसमें फैक्ट्री के निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाने और इसके पर्यावरणीय व सामाजिक प्रभावों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रस्तावित फैक्ट्री के आसपास लगभग 14 से 15 गांव स्थित हैं। इसके 200 मीटर के दायरे में दो सरकारी विद्यालय भी मौजूद हैं। ऐसे में फैक्ट्री के संचालन से एक बड़ी आबादी सीधे तौर पर प्रभावित हो सकती है। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि एथनॉल उत्पादन के लिए भारी मात्रा में पानी की आवश्यकता होगी, जिससे पहले से गिर रहे भूजल स्तर पर और अधिक दबाव पड़ेगा। इससे क्षेत्र में पेयजल और सिंचाई के पानी का गंभीर संकट खड़ा हो सकता है। प्रार्थना-पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि फैक्ट्री से निकलने वाले अपशिष्ट और प्रदूषण का असर कृषि भूमि, जल स्रोतों और ग्रामीणों के स्वास्थ्य पर पड़ सकता है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि परियोजना के संबंध में स्थानीय लोगों को पर्यावरण प्रभाव आकलन (ईआईए) और जनसुनवाई जैसी आवश्यक प्रक्रियाओं की समुचित जानकारी नहीं दी गई है। सरदार सेना के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी बृजेश पटेल और जिलाध्यक्ष विनय चौधरी के समर्थन में ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को यह ज्ञापन सौंपा। आंदोलन का नेतृत्व सतिराम चौधरी, आसाराम चौधरी, रामविलास चौधरी, हृदय राम चौधरी, प्रफुल्ल चौधरी, श्रीकांत चौधरी, राजा भैया सुरेंद्र चौधरी और सुमित चौधरी ने किया। इस दौरान विभिन्न गांवों के दर्जनों ग्रामीण भी उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से जनहित और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाने तथा मामले की विस्तृत जांच कराने की मांग की है। साथ ही, जांच पूरी होने तक फैक्ट्री के निर्माण और संचालन से संबंधित किसी भी प्रकार की अनुमति पर रोक लगाने की भी अपील की गई है।
#बस्ती न्यूज़ टुडे

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments