खैरी घाट थाना क्षेत्र से विद्युत विभाग की एक गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। ग्राम सभा वैबाही स्थित दुगना पुरवा गांव में मुख्य मार्ग पर लगे एक ट्रांसफार्मर के नीचे 11000 वोल्ट का फेस बॉक्स लंबे समय से खुला पड़ा है। यह सड़क दौलतपुर को रामपुर से जोड़ती है, जिसके कारण यहां दिन-रात लोगों और मवेशियों का आना-जाना लगा रहता है। इस खुले बॉक्स से कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है, लेकिन विभाग इसे लेकर पूरी तरह लापरवाह बना हुआ है। ग्रामीणों में भारी आक्रोश: ‘हादसा हुआ तो जिम्मेदार होगा बिजली विभाग’ स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस जानलेवा खतरे की ओर विद्युत विभाग का ध्यान कई बार आकर्षित किया गया, लेकिन अधिकारियों के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही। ग्रामीण जिले राम यादव, सुरेश यादव, कमलेश और पप्पू तिवारी सहित कई लोगों ने विभाग पर आरोप लगाते हुए कहा कि यहाँ हर समय मौत का साया मंडरा रहा है। ग्रामीणों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि इस खुले फेस बॉक्स के कारण कोई अप्रिय घटना या दुर्घटना होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी। लाइनमैन का गैर-जिम्मेदाराना बयान: ‘अपनी जेब से सामग्री नहीं लगाऊंगा’ इस पूरे मामले में विद्युत विभाग के ग्राउंड स्टाफ का रवैया बेहद चौंकाने वाला है। जब इस संबंध में क्षेत्र के नजदीकी लाइनमैन से संपर्क किया गया और फेस बॉक्स का ढक्कन खुला छोड़ने का कारण पूछा गया, तो उसने अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया। लाइनमैन ने दो टूक शब्दों में कहा, “मैं अपनी जेब से सामग्री खरीदकर नहीं लगाऊंगा। विभाग से जो सामान उपलब्ध कराया जाएगा, सिर्फ उसी का उपयोग किया जाएगा।” लाइनमैन के इस बयान से साफ है कि विभाग की आंतरिक लचर व्यवस्था के कारण आम जनता की जान को दांव पर लगा दिया गया है। अब देखना यह है कि उच्च अधिकारी इस पर कब तक संज्ञान लेते हैं।
खैरी घाट में बड़ा हादसा टालने का इंतजार:मुख्य मार्ग पर खुला पड़ा है 11000 वोल्ट का फेस बॉक्स, लाइनमैन बोला- ‘जेब से नहीं लगाएंगे सामान’
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












