डुमरियागंज विकास खंड के ग्राम पंचायत बयारा में नालियों के जाम होने से गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। इससे ग्रामीणों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। समस्या को लेकर ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए शीघ्र समाधान की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार ग्राम प्रधान से शिकायत किए जाने के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। ग्राम पंचायत निवासी डॉ. साजिद गुफरान ने बताया कि नाली का गंदा पानी बहकर उनके घर तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि ग्राम सभा में तैनात सफाईकर्मी नियमित रूप से सफाई नहीं करता और केवल प्रधान के घर के आसपास सफाई कर लौट जाता है। इसके चलते मोहल्ले की नालियां अक्सर जाम रहती हैं। ग्रामीणों के अनुसार नालियों में गंदगी भरी हुई है, कई स्थानों पर नालियां टूट चुकी हैं तथा उन पर ढक्कन भी नहीं लगाए गए हैं। सड़क पर फैले गंदे पानी और कीचड़ के कारण राहगीरों को आवागमन में कठिनाई होती है। छोटे बच्चे आए दिन फिसलकर गिर जाते हैं। डॉ. साजिद गुफरान, अनस, अखिलेश, बब्लू, अजय कुमार और वसी समेत अन्य ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में कई बार बीडीओ, एसडीएम तथा ऑनलाइन माध्यम से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने नालियों की सफाई कराने और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त कराने की मांग की है। इस संबंध में कार्यवाहक ग्राम प्रधान जगदेव जायसवाल ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है। सफाईकर्मियों की कमी के कारण समस्या बनी हुई है। उन्होंने कहा कि अतिरिक्त सफाईकर्मियों की तैनाती के लिए उच्चाधिकारियों को पत्र भेजा गया है और जल्द ही समस्या का समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा।
नाली जाम होने से सड़क पर रहा गंदा पानी:बयारा में कई बार शिकायत के बाद भी नहीं की सफाई
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












