लखनऊ। गोमतीनगर विस्तार थाना पुलिस ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर वाहन क्षतिग्रस्त करने के मामले में एक वांछित अभियुक्त को वाराणसी से गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ पहले से हत्या जैसे गंभीर अपराध का मामला भी दर्ज है।
पुलिस के अनुसार, 5 जून 2026 को खरगापुर निवासी शुभम त्रिपाठी ने थाना गोमतीनगर विस्तार में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि राहुल सिंह और उसके साथियों ने उनकी तथा उनके मित्रों अमित सिंह, अभिषेक मिश्रा, मिहिर सिंह और अमन सिंह की स्कॉर्पियो गाड़ी पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की और वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया।
शिकायत के आधार पर थाना गोमतीनगर विस्तार में मुकदमा संख्या 104/2026 धारा 109 एवं 324(4) बीएनएस के तहत राहुल सिंह समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पुलिस को घटना में नीरज पाण्डेय की संलिप्तता के साक्ष्य मिले, जिसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई।
पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय पुलिस की मदद से वाराणसी कमिश्नरेट के सिगरा थाना क्षेत्र में दबिश दी। इसके बाद वांछित आरोपी नीरज पाण्डेय (36 वर्ष) पुत्र दयानन्द पाण्डेय निवासी नई पोखरी, पिशाच मोचन, छित्तूपुर, वाराणसी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया।गिरफ्तारी के बाद आरोपी को लखनऊ लाया गया और आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
हत्या के मामले में भी रहा है आरोपी
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार नीरज पाण्डेय के खिलाफ वर्ष 2021 में वाराणसी के कोतवाली थाने में धारा 302/201 आईपीसी के तहत हत्या और साक्ष्य मिटाने का मुकदमा भी दर्ज है।












