फखरपुर क्षेत्र के सराय जगना स्थित वजीरगंज बाजार में सामुदायिक शौचालय की स्थिति अत्यंत दयनीय है। शौचालय के बाहर कूड़े का ढेर और गंदगी फैलने से दुर्गंध आ रही है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी अबूशहमा ने बताया कि नियमित सफाई न होने के कारण यह स्थान बीमारियों का केंद्र बन गया है। शौचालय के आसपास होटल, मिठाई, चाट, आइसक्रीम, गोलगप्पे और फल की कई दुकानें संचालित हैं, जिससे संक्रमण का खतरा और बढ़ गया है। संजय सेतु बंद होने के कारण कुंडासर-चहलारी मार्ग पर आवागमन बढ़ गया है, जिससे वजीरगंज बाजार में भारी भीड़ रहती है। शौचालय की बदहाल स्थिति के कारण खासकर महिलाओं को अधिक परेशानी हो रही है, और कई बार उन्हें खुले में शौच के लिए मजबूर होना पड़ता है। ग्रामीणों और दुकानदारों ने इस संबंध में कई बार ग्राम पंचायत अधिकारी से शिकायत की है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्राम प्रधान के बड़े भाई फारुक खान ने बताया कि केयरटेकर की तबीयत खराब होने के कारण सफाई व्यवस्था प्रभावित हुई है, जिसे जल्द ही सुधारा जाएगा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल साफ-सफाई सुनिश्चित करने और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि बाजार में स्वच्छ वातावरण बना रहे और बीमारियों का खतरा कम हो सके।
वजीरगंज बाजार सामुदायिक शौचालय बदहाल, गंदगी से लोग परेशान:संक्रमण का खतरा बढ़ा, प्रशासन से तत्काल सफाई की मांग
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












