लखनऊ। राजधानी के गोमतीनगर क्षेत्र में महिला की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी और मृतका के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे, लेकिन आरोपी की शादी के बाद दोनों के रिश्तों में तनाव बढ़ गया था। विवाद के दौरान आरोपी ने महिला की गला दबाकर हत्या कर दी और घर बंद कर फरार हो गया।
पुलिस के मुताबिक 22 मई 2026 को विनयखण्ड निवासी रामदास ने थाना गोमतीनगर में शिकायत दर्ज कराई कि दीपांशु सिंह ने उनकी पुत्रवधू निशा देवी की हत्या कर दी है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीमों का गठन किया गया और तकनीकी साक्ष्यों व पूछताछ के आधार पर आरोपी दीपांशु सिंह को कुछ ही घंटों में हिरासत में ले लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी निशा देवी से वर्ष 2024 से दोस्ती थी। दोनों नोवा हॉस्पिटल, गोमतीनगर में साथ काम करते थे। निशा पहले से विवाहित थी, जबकि आरोपी की शादी जनवरी 2026 में हो चुकी थी। आरोपी के अनुसार शादी के बाद निशा उस पर अपनी पत्नी को छोड़कर उसके साथ रहने का दबाव बना रही थी, जिसको लेकर दोनों के बीच लगातार विवाद होते थे।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि 19 मई को ग्वारी गांव स्थित किराये के मकान में दोनों के बीच फिर विवाद हुआ। बहस बढ़ने पर उसने गुस्से में आकर निशा देवी का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मकान बंद कर मड़ियांव स्थित अपने घर चला गया।पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ हत्या की धारा में कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।












