करौली। करौली जिले के सपोटरा क्षेत्र स्थित अमरगढ़ गांव में शनिवार को 40 फीट गहरे कुएं की मिट्टी धंसने से दो सगे भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों भाई पुराने कुएं में दबी पानी की मोटर निकालने के दौरान हादसे का शिकार हो गए।
पुलिस के अनुसार मोतीपुरा मार्ग स्थित पुराने कुएं में मिट्टी के नीचे दबी मोटर निकालने के लिए अमरगढ़ निवासी कमलेश (32) और मुकेश (35) पुत्र रामविलास कई दिनों से कुएं को और गहरा कर रहे थे।
शनिवार सुबह करीब साढ़े दस बजे काम के दौरान अचानक कुएं की मिट्टी भरभराकर गिर गई और दोनों भाई करीब 15 फीट नीचे मिट्टी में दब गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए।
सरकारी संसाधनों के अभाव में ग्रामीणों ने स्वयं राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर जिला सिविल डिफेंस टीम, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
ग्रामीणों और बचाव दल ने करीब ढाई घंटे तक लगातार रेस्क्यू अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों युवकों को बाहर निकालकर तत्काल सपोटरा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही सपोटरा थाना पुलिस, उपखंड अधिकारी और तहसीलदार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लेकर लोगों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की।
सपोटरा थाना अधिकारी अबजीत कुमार ने बताया कि करीब एक वर्ष पहले कुएं की मिट्टी धंसने से उसमें लगी पानी की मोटर दब गई थी। उसी मोटर को निकालने के प्रयास में यह हादसा हुआ।
ग्रामीणों के अनुसार मृतक परिवार मूल रूप से डिकोली कला गांव का निवासी था और करीब 25 वर्ष पहले अमरगढ़ में आकर बस गया था। परिवार ने यहां जमीन खरीदकर खेतीबाड़ी शुरू की थी।
दो सगे भाइयों की एक साथ मौत से पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मुकेश की पत्नी का 13 वर्ष पहले निधन हो चुका है और उसकी एक बेटी है। वहीं कमलेश अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गया है।












