HomeHealth & Fitness तेज रफ्तार कारों की भीषण टक्कर में पलटी कार, एयरबैग खुलने से...

 तेज रफ्तार कारों की भीषण टक्कर में पलटी कार, एयरबैग खुलने से टला बड़ा हादसा

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदाैर शहर के बीआरटीएस स्थित रसोमा चौराहे पर शुक्रवार देर रात दो तेज रफ्तार कारों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक कार अनियंत्रित होकर दो बार पलट गई। हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि एयरबैग खुल जाने से अन्य सवारों की जान बच गई।

विजय नगर थाना प्रभारी चंद्रकांत पटेल के अनुसार, घटना शुक्रवार देर रात करीब 3 बजे की है। मामले में अभिषेक पुत्र लखन जायसवाल की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक कार मेदांता हॉस्पिटल की ओर से तेज गति से आ रही थी, जबकि दूसरी कार एलआईजी क्षेत्र की तरफ से रसोमा चौराहे की ओर बढ़ रही थी। चौराहे पर दोनों वाहनों की जोरदार भिड़ंत हो गई।

टक्कर के बाद एक कार दो पलटियां खाते हुए सड़क पर जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि आसपास रहने वाले लोग और दुकानदार तेज आवाज सुनकर बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों ने बताया कि दोनों वाहन उज्जैन नंबर के थे।

गंभीर रूप से घायल हुआ युवक
दुर्घटना में कार सवार देव चौहान गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके कंधे में फ्रैक्चर होने की आशंका जताई जा रही है। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे वाहन से बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।

कार से मिली शराब की बोतलें, युवतियां मौके से हुईं गायब
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक कार में कुछ युवतियां भी सवार थीं। दुर्घटनाग्रस्त वाहन से शराब की तीन बोतलें मिलने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि पुलिस के पहुंचने से पहले ही युवतियां मौके से चली गईं। हालांकि कार का एयरबैग खुल जाने से उन्हें गंभीर चोट नहीं आई।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने बाद में संबंधित पक्ष से संपर्क किया तो बताया गया कि वे दर्शन के लिए जा रहे थे। घटना के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि हादसे की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments