श्रावस्ती जिले के इकौना थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के करीब 4 बजे एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। इकौना बाईपास स्थित भारत धर्म कांटा के पास सड़क किनारे खड़ी एक डीसीएम में बहराइच की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर के बाद डीसीएम अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने एक अधिवक्ता के मकान में जा घुसी, जिससे मकान का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। इस दुर्घटना में ट्रक का क्लीनर घायल हो गया, जिसे एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इकौना ले जाया गया और वहां उसका इलाज किया गया। सुबह का समय होने के कारण मौके पर लोगों की भीड़ कम थी, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। सूचना मिलने पर इकौना हाईवे पुलिस प्रभारी विनोद कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं इकौना बाईपास निवासी अधिवक्ता राकेश पांडेय ने अब पुलिस को तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि 30 जून की रात्रि करीब 4 बजे हुई इस टक्कर में ट्रक संख्या HR 58 F 2388 उनके मकान की बाउंड्री वॉल से टकरा गया। अधिवक्ता के अनुसार, इस हादसे में बाउंड्री वॉल, रेलिंग गेट, विद्युत वायरिंग और गेट लाइट सहित अन्य संरचनाएं क्षतिग्रस्त हो गईं, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान हुआ है। अधिवक्ता ने संबंधित ट्रक चालक और वाहन स्वामी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करते हुए क्षतिग्रस्त संपत्ति का उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है। बताते चलें की नेशनल हाईवे 730 पर लगातार वाहन चालकों की लापरवाही और तेज रफ्तार के चलते अक्सर हादसे होते रहते हैं। जिसमें कई बार लोगों की जान तक चल जाती है ऐसे में विभाग को सख्त होने की जरूरत है।
इकौना बाईपास पर खड़ी डीसीएम में ट्रक की टक्कर:मकान का हिस्सा क्षतिग्रस्त, क्लीनर घायल, अधिवक्ता ने मुआवजे की मांग की
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












