पनीर भुर्जी सैंडविच : सुबह की भागदौड़ में जब समय कम हो और कुछ हेल्दी और टेस्टी खाने का मन हो, तो पनीर भुर्जी सैंडविच एक बेहतरीन ऑप्शन हो सकता है। यह न सिर्फ 10 मिनट में बनकर तैयार हो जाता है, बल्कि प्रोटीन से भरपूर होने के कारण आपको दिनभर एनर्जेटिक भी रखता है। इसे आप बच्चों के लंच बॉक्स या ऑफिस टिफिन के लिए भी फटाफट पैक कर सकते हैं। यहां हम आपके लिए पनीर भुर्जी सैंडविच की आसान सी रेसिपी लेकर आए हैं। फटाफट नोट करें रेसिपी।
सामग्री
पनीर: 200 ग्राम (हाथ से मैश किया हुआ या कद्दूकस किया हुआ)
ब्रेड स्लाइस: 4 से 6
प्याज: 1 बारीक कटा हुआ
टमाटर: 1 बारीक कटा हुआ
हरी मिर्च: 1 बारीक कटी हुई
हरा धनिया: बारीक कटा हुआ
मसाले: आधा छोटा चम्मच हल्दी, आधा छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, आधा छोटा चम्मच गरम मसाला
नमक: स्वादानुसार
मक्खन: सेकने और पकाने के लिए
हरी चटनी या टोमैटो केचप
बनाने का तरीका
स्टेप 1
सबसे पहले एक पैन या कड़ाही में एक चम्मच तेल या बटर गरम करें। गरम होने पर इसमें बारीक कटी हरी मिर्च और प्याज डालकर हल्का गुलाबी होने तक भूनें। अब इसमें टमाटर डालें और उसे तब तक पकाएं जब तक टमाटर थोड़े नरम न हो जाएं।
स्टेप 2
अब पैन में हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला और नमक डालें। मसालों को धीमी आंच पर आधे मिनट के लिए भूनें। इसके बाद इसमें मैश किया हुआ पनीर डालें और अच्छी तरह मिला लें। पनीर को मसालों के साथ 2 मिनट तक भूनें। आखिरी में ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया डालकर गैस बंद कर दें। आपकी स्वादिष्ट पनीर भुर्जी तैयार है।
स्टेप 3
अब ब्रेड की दो स्लाइस लें। अगर आपको तीखा पसंद है तो एक स्लाइस पर हरी चटनी लगाएं और दूसरी पर टोमैटो केचप। अब ब्रेड पर तैयार की हुई पनीर भुर्जी की एक अच्छी परत फैलाएं और दूसरी ब्रेड से इसे ढक दें।
स्टेप 4
तवे या सैंडविच मेकर को गैस पर गरम करें और उस पर थोड़ा सा बटर लगाएं। सैंडविच को तवे पर रखें और धीमी से मध्यम आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा और क्रिस्पी होने तक सेक लें। आपका गरमा-गरम, क्रिस्पी और प्रोटीन से भरपूर पनीर भुर्जी सैंडविच तैयार है। इसे बीच से काटें और गरमा-गरम चाय या कॉफी के साथ एंजॉय करें।












