मोहनलालगंज, लखनऊ। नगराम क्षेत्र के कुबहरा से कमालपुर बिचलिका समेत दर्जनों गांवों को जोड़ने वाले करीब 500 मीटर लंबे कच्चे मार्ग के डामरीकरण की मांग को लेकर राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने बुधवार को कुबहरा गांव में कच्चे मार्ग के पास स्थित सामुदायिक भवन में धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से कच्चा पड़ा यह मार्ग क्षेत्र के लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। बारिश के दिनों में रास्ते पर कीचड़ और जलभराव होने से आवागमन और भी मुश्किल हो जाता है।

धरने पर बैठे किसान नेताओं और ग्रामीणों ने बताया कि यह मार्ग कई गांवों को मोहनलालगंज, नगराम और राजधानी को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग से जोड़ता है। इसके बावजूद सड़क का डामरीकरण नहीं होने से ग्रामीणों, स्कूली बच्चों और अन्य राहगीरों को आए दिन परेशानी उठानी पड़ती है। ग्रामीणों ने मार्ग का जल्द डामरीकरण कराकर आवागमन सुगम कराने की मांग की।
किसान नेताओं ने बताया कि सड़क निर्माण की मांग को लेकर डीएम समेत पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को ज्ञापन देकर कई बार समस्या से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अधिकारियों की ओर से केवल आश्वासन देकर मामला टाल दिया गया। इससे नाराज ग्रामीणों ने अब सड़क निर्माण शुरू होने तक धरना जारी रखने का निर्णय लिया है।
धरने की सूचना पर क्षेत्रीय वनाधिकारी देवेश प्रांजपे थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने किसान नेताओं और ग्रामीणों से बातचीत कर एक सप्ताह के अंदर कच्चे मार्ग का सर्वे कराने तथा सड़क निर्माण के लिए वन विभाग से एनओसी दिलाने का आश्वासन दिया। हालांकि किसान नेताओं और ग्रामीणों ने स्पष्ट कर दिया कि महज आश्वासन से धरना समाप्त नहीं होगा।
उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण की प्रक्रिया धरातल पर शुरू होने के बाद ही धरना समाप्त किया जाएगा। ग्रामीणों के रुख के बाद दोनों अधिकारी वापस लौट गए, जबकि ग्रामीणों और किसान नेताओं का धरना देर शाम तक जारी रहा। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।












