Homeक्राइम (Crime)बाराबंकी: सावन मेले को लेकर बाराबंकी प्रशासन पूरी तरह तैयार, लोधेश्वर धाम...

बाराबंकी: सावन मेले को लेकर बाराबंकी प्रशासन पूरी तरह तैयार, लोधेश्वर धाम में सुरक्षा व्यवस्था पर हुई हाई लेवल ब्रीफिंग

बाराबंकी: श्री लोधेश्वर महादेव धाम में आयोजित सावन मेले के सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित संचालन को लेकर शनिवार को महादेवा ऑडिटोरियम में जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह, पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय तथा अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) विकास चंद्र त्रिपाठी की मौजूदगी में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग हुई। बैठक में सैकड़ों पुलिसकर्मी, थाना प्रभारी और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। ब्रीफिंग से पूर्व जिलाधिकारी ने मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर भगवान लोधेश्वर महादेव का पूजन-अर्चन किया।

जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने कहा कि सावन मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाएं प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को 24 घंटे डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ, एंबुलेंस और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, ब्लैक स्पॉट पर अतिरिक्त लाइटिंग, टैंकर तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त रखने और अधिकारियों को लगातार मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करने के निर्देश दिए।

Also Read: UP: बलिया में पत्नी की हत्या की कोशिश, मायके पहुंचे पति ने सरेआम तान दी पिस्टल, बाल-बाल बची जान, पति गिरफ्तार

पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं के साथ शालीन एवं सहयोगपूर्ण व्यवहार करने, अनावश्यक विवाद से बचने तथा किसी भी समस्या की सूचना तत्काल प्रभारी अधिकारी को देने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारियों में यातायात व्यवस्था, पार्किंग प्रबंधन, भीड़ एवं कतार नियंत्रण तथा मंदिर परिसर की सुरक्षा शामिल है।

Also Read: UP: पारिवारिक विवाद में गर्भवती समेत महिलाओं को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, कुल्हाड़ी लेकर दी जान से मारने की धमकी

एसपी ने कांवड़ मार्ग पर शनिवार रात से ही मोटरसाइकिल पुलिस पार्टियों की लगातार गश्त शुरू करने के निर्देश दिए, ताकि सड़क किनारे विश्राम कर रहे कांवड़ियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने सभी प्रभारियों को वायरलेस सेट साथ रखने, अफवाह फैलाने वाली सूचनाओं से बचने तथा स्थायी दुकानदारों को विद्युत सुरक्षा और श्रद्धालुओं के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार के लिए जागरूक करने को भी कहा।

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी आकांक्षा गुप्ता, तहसीलदार विपुल सिंह, क्षेत्राधिकारी गरिमा पंत, प्रभारी निरीक्षक अरुण प्रताप सिंह, महादेवा चौकी प्रभारी रजनीश कुमार पांडे, खंड विकास अधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह सहित पुलिस एवं प्रशासन के अनेक अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)



#उत्तरप्रदेश #उत्तरप्रदेशन्यूज़ #यूपीन्यूज़ #UPNews #UttarPradeshNews #HindiNews #BreakingNews #आजकीखबर #ताज़ाखबर #यूपीसमाचार

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments