विशेश्वरगंज कंछर, पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी की 35वीं पुण्यतिथि गुरुवार, 21 मई को विशेश्वरगंज ब्लॉक में मनाई गई। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में ग्राम सभा नेजाभार के बरगदही स्थित जिला कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष रमेश चंद्र मिश्र के प्रतिष्ठान पर ‘जनसेवा संकल्प कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक अध्यक्ष एम. शफीक ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ स्वर्गीय राजीव गांधी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर और भावपूर्ण सैल्यूट देकर किया गया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए एक आम का पौधा भी लगाया गया। इसी के साथ ‘राजीव-नेहरू सप्ताह’ का विधिवत शुभारंभ भी हुआ। कांग्रेस पार्टी के मुख्य वक्ताओं में विनय सिंह ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी 21वीं सदी के भारत के निर्माता थे। उन्होंने देश में सूचना क्रांति, पंचायती राज व्यवस्था, महिला सशक्तिकरण और 18 वर्ष के युवाओं को मताधिकार जैसे ऐतिहासिक और जनहितकारी फैसले लागू किए। उनकी दूरदृष्टि और राष्ट्र निर्माण का संकल्प हम सभी के लिए हमेशा प्रेरणादायक रहेगा। जिला कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष रमेशचंद्र मिश्र ने अपने संबोधन में कहा कि राजीव गांधी ने राजनीति में सक्रिय होने से पहले स्वयं सेवादल का कड़ा प्रशिक्षण लिया था। वह संगठन में अनुशासन और बौद्धिक क्षमता बनाए रखने के लिए हमेशा प्रशिक्षित कार्यकर्ताओं को ही आगे बढ़ाने और पदाधिकारी बनाने पर जोर देते थे। ब्लॉक अध्यक्ष एम. शफीक ने कहा कि राजीव गांधी न केवल भारत में बल्कि वैश्विक स्तर पर भी शांति और विकास के प्रकाश स्तंभ थे। उन्होंने देश की एकता, अखंडता और सांप्रदायिक सौहार्द को अक्षुण्ण रखने के लिए अपने प्राणों की आहुति दे दी। इस अवसर पर पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष शिवनंदन गिरि, लाल जी गिरि, रामबचन पासवान, उमेश तिवारी, दुर्गेश सिंह, नसीम इदरीसी, कलीम खान, साहबराम गोस्वामी, मुकीम, विशुन कुमार पाल, रूदल निषाद सहित कई अन्य कार्यकर्ताओं ने भी राजीव गांधी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला। सभी ने उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 35वीं पुण्यतिथि मनाई:विशेश्वरगंज में ‘जनसेवा संकल्प कार्यक्रम’ का आयोजन
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












