श्रावस्ती जनपद के जमुनहा में इंडो-नेपाल हाइवे बॉर्डर के पास बूढ़ी राप्ती नदी में एक मगरमच्छ दिखाई देने से हड़कंप मच गया। यह मगरमच्छ कलकलवा मार्जिनल बांध के उत्तर दिशा में देखा गया। सूचना मिलने के बाद एसएसबी जवानों ने मौके पर पहुंचकर वन विभाग को इसकी जानकारी दी। जानकारी के अनुसार, एसएसबी 42वीं वाहिनी समतलिया के प्रभारी उपनिरीक्षक पवन कुमार के निर्देश पर जानकी सीमा चौकी के उपनिरीक्षक संजय कुमार जवानों के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान सीमा स्तंभ संख्या 645/1 से लगभग 200 मीटर ऊपर मल्हीपुर थाना क्षेत्र के मुरैला और भेड़हिया के बीच बूढ़ी राप्ती नदी में उन्हें मगरमच्छ दिखाई दिया। एसएसबी जवानों ने तुरंत वन विभाग की टीम को मौके पर बुलाया। वनकर्मियों ने नदी में जाल लगाकर मगरमच्छ की गतिविधियों पर निगरानी शुरू कर दी है। यह कदम कांवड़ियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है। सावन के अंतिम सोमवार को बड़ी संख्या में कांवड़िया श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए नदी के आसपास पहुंचने की संभावना है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सुरक्षा और सतर्कता बढ़ा दी गई है। ग्रामीणों और श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे अनावश्यक रूप से नदी के आसपास न जाएं और पानी में उतरते समय विशेष सावधानी बरतें। वन विभाग की टीम मगरमच्छ की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है।
श्रावस्ती के बूढ़ी राप्ती में दिखा मगरमच्छ:कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए जाल लगाकर निगरानी शुरू
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Home
on Hello world!












