प्रयागराज/कौशाम्बी। नारायण स्वरूप हॉस्पिटल एवं नारायण स्वरूप इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंसेज में 80वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह, गरिमा और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। ध्वजारोहण के साथ आयोजित भव्य देशभक्ति एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में चिकित्सकों, नर्सिंग व पैरामेडिकल स्टाफ, प्रिंसिपल, शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों, मरीजों के परिजनों और गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समारोह में करीब 400 लोग शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक रूप से राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के गायन से हुई। हाथों में तिरंगा लेकर चिकित्सकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने एक स्वर में वंदे मातरम् का गायन किया। तिरंगे की लहर और देशभक्ति के नारों से पूरा हॉस्पिटल व कॉलेज परिसर राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर हो गया।
इसके बाद नारायण स्वरूप हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. राजीव सिंह, मैनेजिंग डायरेक्टर एवं वरिष्ठ स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. सोनिया सिंह तथा इंस्टीट्यूट की प्रिंसिपल सीमा कुमारी ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के बाद सभी ने राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ का सामूहिक गायन किया। इसके बाद ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से परिसर गूंज उठा।
समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. राजीव सिंह ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि देश की प्रगति में स्वास्थ्य और शिक्षा की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। संस्थान का उद्देश्य बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ ही विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देकर उन्हें जिम्मेदार और संवेदनशील स्वास्थ्यकर्मी बनाना है। उन्होंने कहा कि देश की सेवा केवल सीमा पर रहकर ही नहीं, बल्कि अपने कार्यक्षेत्र में ईमानदारी और समर्पण के साथ काम करके भी की जा सकती है।
डॉ. सोनिया सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि वह मरीजों के प्रति संवेदनशीलता, ईमानदारी और सेवा भावना के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करे। उन्होंने विद्यार्थियों से देश और समाज के प्रति जिम्मेदारी समझते हुए आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद किया। प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों में उत्साह और देशप्रेम की भावना भर दी। कार्यक्रम के दौरान परिसर में मौजूद मरीजों के परिजनों ने भी देशभक्ति के इस आयोजन में उत्साह के साथ सहभागिता की। समारोह का समापन राष्ट्र की एकता, अखंडता और प्रगति के लिए सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।












