श्रावस्ती में सावन के तीसरे सोमवार पर जिलेभर के शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। भोर होते ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे गूंजते रहे। सिरसिया क्षेत्र के पांडवकालीन बाबा विभूतिनाथ मंदिर में तड़के करीब तीन बजे से जलाभिषेक शुरू हुआ, जिसमें नेपाल समेत आसपास के कई जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। श्रद्धालु रविवार से ही सीताद्वार स्थित सीता सरोवर और जंगलदास कुट्टी जैसे विभिन्न स्थानों से पवित्र जल लेकर पैदल यात्रा करते हुए विभूतिनाथ धाम पहुंच रहे थे। सोमवार तड़के जलाभिषेक शुरू होते ही भक्तों ने श्रद्धापूर्वक बाबा विभूतिनाथ का जलाभिषेक किया। मंदिर परिसर में दिनभर भक्तिमय माहौल बना रहा और देर शाम तक श्रद्धालुओं का आगमन जारी रहने की संभावना है।
गिलौला क्षेत्र स्थित बाबा झारखंडीनाथ मंदिर में भी सुबह करीब चार बजे से जलाभिषेक प्रारंभ हुआ। यहां आसपास के गांवों के अलावा दूर-दराज क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। जिले के अन्य प्रमुख शिवालयों में भी सुबह से ही भक्तों की भीड़ देखी गई। श्रद्धालु कतारबद्ध होकर भगवान शिव का पूजन-अर्चन और जलाभिषेक करते नजर आए।
सावन मे सोमवार को लेकर कांवड़ियों में विशेष उत्साह देखा गया। श्रद्धालु पवित्र जल लेकर कई किलोमीटर पैदल यात्रा कर शिवालयों तक पहुंचे। ऐसी मान्यता है कि सावन में भगवान शिव को जल अर्पित करने से कष्ट दूर होते हैं और मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। इसी आस्था के साथ सोमवार को जिले के शिव मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। बाबा विभूतिनाथ मंदिर और आसपास के क्षेत्र को सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रखा गया। मंदिर परिसर में पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा, जबकि सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी भी श्रद्धालुओं के बीच रहकर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए हुए थे। भीड़ को नियंत्रित करने और सुचारु दर्शन सुनिश्चित करने के लिए पुलिसकर्मी लगातार मुस्तैद रहे। सावन के तीसरे सोमवार पर देर शाम तक जिलेभर के शिवालयों में जलाभिषेक और पूजा-अर्चना का सिलसिला जारी रहने की उम्मीद है।
विभूतिनाथ धाम में तड़के 3 बजे से जलाभिषेक शुरू:श्रावस्ती में सावन के तीसरे सोमवार पर उमड़ा आस्था का सैलाब, नेपाल से भी पहुंचे श्रद्धालु
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Home
on Hello world!












