मल्हीपुर थाना क्षेत्र के भगवानपुर ग्राम पंचायत के लहौर कला गांव में गुरुवार को अचानक भीषण आग लग गई। अज्ञात कारणों से लगी आग में छह फूस के घर जलकर राख हो गए। इस घटना में 72 वर्षीय एक बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से झुलस गईं। जानकारी के अनुसार, आग लहौर कला निवासी पतलू पुत्र अमरिका के फूस के घर से शुरू हुई। देखते ही देखते आग ने आसपास के घरों को अपनी चपेट में ले लिया। पतलू के अलावा प्रेम नारायण पुत्र अमरिका प्रसाद, मुकेश कुमार पुत्र अमरिका प्रसाद, देवी प्रसाद पिता श्याम लाल और साबित राम पुत्र नन्कू यादव के फूस के मकान भी इस अग्निकांड में जलकर राख हो गए। आग इतनी तेजी से फैली कि घर के अंदर मौजूद ननकना (72 वर्ष) पत्नी नन्कू यादव बाहर नहीं निकल पाईं और गंभीर रूप से झुलस गईं। ग्रामीणों ने तुरंत उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल भेजा। घटना की सूचना मिलते ही मल्हीपुर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इससे आग को अन्य घरों तक फैलने से रोका जा सका। मौके पर पहुंचे हलका लेखपाल सुरेंद्र कुमार थापा ने बताया कि आग लगने से कुल छह घरों को भारी नुकसान हुआ है। घरों के अंदर रखा राशन, कपड़े, बर्तन और अन्य कीमती सामान जलकर राख हो गया। उन्होंने कहा कि नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट प्रशासन को भेजी जा रही है, ताकि पीड़ितों को उचित मुआवजा मिल सके। पीड़ित परिवार फिलहाल खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं और प्रशासन से मदद की गुहार लगा रहे हैं। आग लगने के स्पष्ट कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
मल्हीपुर में भीषण आग, छह घर राख:72 वर्षीय बुजुर्ग महिला झुलसी; लाखों का नुकसान
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!











