Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)नवजात मौत कांड में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक सख्त:राज्य स्तरीय टीम ने...

नवजात मौत कांड में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक सख्त:राज्य स्तरीय टीम ने सीएचसी, निजी अस्पताल के रिकॉर्ड खंगाले

#बस्ती_न्यूज

बस्ती में कुदरहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में 8 अप्रैल को प्रसव के दौरान एक नवजात की मौत का मामला अब तूल पकड़ गया है। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने इस प्रकरण का संज्ञान लिया है। इसके बाद मंगलवार को एक राज्य स्तरीय जांच टीम बस्ती पहुंची और घटनाक्रम की गहन पड़ताल शुरू कर दी। जांच टीम मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव निगम के नेतृत्व में कलवारी थाना क्षेत्र के बनहरा स्थित सीएचसी कुदरहा पहुंची। यहां अधीक्षक, डॉक्टर, एएनएम, आशा और स्टाफ नर्स सहित सभी संबंधित कर्मचारियों से विस्तृत पूछताछ की गई और उनके बयान दर्ज किए गए। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर प्रसव के दौरान अपनाई गई प्रक्रिया की भी जानकारी जुटाई। सीएचसी में पड़ताल के बाद, जांच टीम उस निजी नर्सिंग होम पहुंची जहां प्रसूता को रेफर किया गया था। टीम ने अस्पताल के दस्तावेजों की जांच की और सीसीटीवी पैनल को अपने कब्जे में ले लिया, ताकि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई स्पष्ट हो सके। इसके बाद जांच टीम बस्ती मेडिकल कॉलेज के लिए रवाना हो गई, जहां भर्ती प्रसूता प्रेमा देवी के बयान दर्ज किए जाएंगे। अधिकारियों का कहना है कि पीड़िता के बयान इस मामले में अहम कड़ी साबित होंगे। जांच टीम में शामिल संयुक्त निदेशक स्वास्थ्य विभाग डॉ. सुशील कुमार ने बताया कि सीएचसी कुदरहा में डॉक्टर, एएनएम, आशा और स्टाफ नर्स सहित सभी पहलुओं की जांच की गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल के बाद पूरे मामले की सच्चाई सामने लाई जाएगी और दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
#बस्ती न्यूज़ टुडे

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments