Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने को हेल्प डेस्क शुरू:कलवारी के इंटर...

बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने को हेल्प डेस्क शुरू:कलवारी के इंटर कॉलेज में पहल, आत्मनिर्भर बनाने का अवसर देने की अपील

#बस्ती_न्यूज

कलवारी क्षेत्र के झिनकू लाल त्रिवेणी राम चौधरी (JLTRC) इंटर कॉलेज के मुख्य द्वार पर शुक्रवार को बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए एक हेल्प डेस्क का शुभारंभ किया गया। इस पहल का संचालन ट्री इनिशिएटिव्स सोसाइटी, बस्ती, उत्तर प्रदेश द्वारा किया गया है। इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, अभिभावकों और बड़ी संख्या में छात्राओं ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत और हेल्प डेस्क के औपचारिक उद्घाटन के साथ हुई। यह हेल्प डेस्क बालिकाओं और उनके अभिभावकों को कॉलेज में प्रवेश से संबंधित सभी जानकारी, एडमिशन फॉर्म भरने में सहायता और टीसी व मार्कशीट से जुड़े मार्गदर्शन एक ही स्थान पर उपलब्ध कराएगा। कार्यक्रम के दौरान कई अभिभावकों और छात्राओं ने इस पहल को महत्वपूर्ण बताया। मुख्य वक्ता डॉ. प्रेम त्रिपाठी ने अपने संबोधन में सह-शिक्षा के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बेटियों को समान अवसर देना समाज के समग्र विकास के लिए आवश्यक है। डॉ. त्रिपाठी ने अभिभावकों से अपनी बेटियों को शिक्षा से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का अवसर देने की अपील की। उल्लेखनीय है कि कलवारी क्षेत्र के इसी झिनकू लाल त्रिवेणी राम चौधरी इंटर कॉलेज में दशकों तक सह-शिक्षा की मान्यता होने के बावजूद बालिकाओं को प्रवेश नहीं दिया जाता था। हाल के जागरूकता प्रयासों के बाद इस सत्र से बालिकाओं का प्रवेश शुरू हुआ है, जिससे क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव आया है। कार्यक्रम के अंत में ट्री इनिशिएटिव्स सोसाइटी के सचिव सच्चिदानंद शुक्ला ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और छात्राओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने इस पहल को भविष्य में भी जारी रखने का संकल्प लिया। हेल्प डेस्क के शुभारंभ कार्यक्रम में संस्था के प्रबंधक दीपक कुमार, संस्थापक सदस्य बाल कृष्ण पटेल, दिलीप कुमार और जसवंत कुमार सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। इस आयोजन को क्षेत्र में बालिका शिक्षा को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
#बस्ती न्यूज़ टुडे

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments