फतेहाबाद। नशा तस्करों पर सख्त कार्रवाई करते हुए जिला पुलिस ने पांच बड़े तस्करों की करीब 1.5 करोड़ की संपत्ति को फ्रीज किया है। शनिवार को पत्रकारों से बातचीत में एएसपी दिव्यांशी सिंगला ने बताया कि सीआईए टोहाना द्वारा नशा तस्करा जगसीर सिंह उर्फ जग्गा के खिलाफ की गई कार्रवाई इस अभियान की महत्वपूर्ण कड़ी रही।
वर्ष 2025 में उसके कब्जे से 4 किलो से अधिक हेरोइन बरामद होने के बाद उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। आरोपी के खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हैं, जो उसे एक आदतन तस्कर साबित करते हैं।
गहन वित्तीय जांच में यह सामने आया कि आरोपी की संपत्तियां उसकी वैध आय से कई गुना अधिक हैं। इसके आधार पर एनडीपीएस अधिनियम की धारा 68-एफ(1) के तहत कार्रवाई करते हुए उसकी 5 लाख कीमत की एक पिकअप गाड़ी को फ्रीज किया गया।
दूसरे मामले में आरोपी राकेश कुमार उर्फ कालू को भारी मात्रा में अल्प्राज़ोलम टैबलेट्स के साथ गिरफ्तार किया गया था। जांच में यह सामने आया कि आरोपी लंबे समय से नशीली दवाइयों की तस्करी में संलिप्त था। फाइनेंशियल प्रोफाइलिंग के दौरान उसकी संपत्ति भी संदिग्ध पाई गई, जिसके चलते उसकी 60 हजार कीमत का मोटरसाइकिल को फ्रीज किया गया।
तीसरे मामले में थाना सदर फतेहाबाद क्षेत्र के आरोपी बच्चन सिंह के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले से कई मामले दर्ज हैं। उसके कब्जे से चूरापोस्त बरामद होने के बाद उसे गिरफ्तार किया गया था।
जांच के दौरान यह सामने आया कि आरोपी ने नशा तस्करी से अर्जित धन से गांव नकटा में मकान और वाहन खरीदे हैं। पुलिस ने उसकी लगभग 20 लाख रुपये कीमत का एक मकान और 1.60 लाख कीमत के दो मोटरसाइकिलों को फ्रीज किया।
एक अन्य मामले में थाना शहर टोहाना क्षेत्र में नशा तस्करी के मामले में आरोपी विजय से हेरोइन बरामद की थी। इस मामले में विजय से पूछताछ के आधार पर कुलदीप सिंह उर्फ मंग्गू का नाम सामने आया। जांच में स्पष्ट हुआ कि कुलदीप तस्करी के नेटवर्क का अहम हिस्सा था।
उसकी गिरफ्तारी के बाद वित्तीय जांच की गई, जिसमें पाया गया कि उसने अवैध कमाई से संपत्ति अर्जित की है। पुलिस ने उसका मकान जिसकी कीमत करीब 20 लाख रुपये है, के अलावा और 1.80 लाख रुपये के तीन मोटरसाइकिलों को फ्रीज किया।
पांचवें मामले में थाना शहर फतेहाबाद के अंतर्गत आरोपी अजय उर्फ अज्जी को हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया था। जांच में सामने आया कि उसने नशा तस्करी से अर्जित धन से गुरुनानकपुरा में मकान और वाहन खरीदे हैं। पुलिस ने उसकी लगभग 30 लाख रुपये कीमत का उसका मकान और एक लाख रुपये कीमत के दो मोटरसाइकिलो को फ्रीज किया।
एएसपी दिव्यांशी सिंगला ने बताया कि अब इन संपत्तियों को बिना अनुमति न तो बेचा जा सकता है और न ही किसी अन्य के नाम हस्तांतरित किया जा सकता है।












