नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने देश के तीन राज्यों से चार कट्टरपंथी युवकों को गिरफ्तार किया है। ये सभी आरोपित कथित तौर पर ‘गजवा-ए-हिंद’ की विचारधारा से प्रभावित होकर आतंकी गतिविधियों की तैयारी में जुटे थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपितों के पास से आईईडी बनाने से जुड़ा सामान भी बरामद किया गया है।
स्पेशल सेल के पुलिस उपायुक्त प्रवीण कुमार ने शनिवार को बताया कि स्पेशल सेल की एनडीआर टीम ने यह ऑपरेशन खुफिया जानकारी के आधार पर चलाया। इंस्पेक्टर विनय पाल और मनोज कुमार की टीम ने महाराष्ट्र, ओडिशा और बिहार में छापेमारी कर चारों आरोपितों को पकड़ा। इस मामले में स्पेशल सेल थाने में भारतीय न्याय संहिता, 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।












