HomeHealth & Fitnessपेंट फैक्ट्री के गोदाम में भीषण आग, शॉर्ट सर्किट से भड़की लपटें,...

पेंट फैक्ट्री के गोदाम में भीषण आग, शॉर्ट सर्किट से भड़की लपटें, एक घंटे में पाया काबू

बरेली। बरेली के सीबीगंज थाना क्षेत्र स्थित परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में शनिवार सुबह एक पेंट फैक्ट्री के गोदाम में भीषण आग लग गई। करीब 11 बजे लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। गोदाम में रखे पेंट के ड्रमों ने आग को और भड़का दिया, जिससे पूरे इलाके में धुएं का घना गुबार फैल गया और आसपास की इकाइयों में अफरा-तफरी मच गई।

प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। आग लगते ही फैक्ट्री कर्मचारियों ने तत्काल इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी। सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। इस दौरान बीएल एग्रो ऑयल की फायर टीम ने भी सहयोग किया और संयुक्त रूप से आग पर काबू पाने के प्रयास किए गए।

करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग को काफी हद तक नियंत्रित कर लिया गया, हालांकि पूरी तरह से स्थिति सामान्य करने में लगभग एक घंटे का समय लगा। बचाव अभियान का नेतृत्व बीएल एग्रो इंडस्ट्रीज लिमिटेड के अग्नि सुरक्षा प्रबंधक जय नारायण सिंह ने किया। टीम में कई सुपरवाइजर और फायरमैन शामिल रहे, जिन्होंने जोखिम उठाकर आग बुझाने में अहम भूमिका निभाई।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी मनु शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी प्रतीत होती है। उन्होंने कहा कि समय पर सूचना मिलने और दमकल टीम की तत्परता से आग को फैलने से रोक लिया गया, अन्यथा आसपास की अन्य इकाइयों को भी नुकसान हो सकता था। उन्होंने औद्योगिक इकाइयों को अग्नि सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने की सलाह दी है।

घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, जिससे राहत की बात है। हालांकि गोदाम में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है।समय रहते आग पर काबू पा लेने से एक बड़ा हादसा टल गया, लेकिन इस घटना ने औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा मानकों और अग्निशमन व्यवस्था की तैयारियों पर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments