उत्तर भारत से लेकर दक्षिण भारत तक गर्मी और लू का दौर शुरू हो चुका है। लोग गर्मी से बेहाल हो रहे हैं। मगर, फिलहाल लोगों को गर्मी से राहत मिलने का कम उम्मीद दिखाई दे रही है। राजधानी दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के ज्यादातर शहरों और जिलों में पारा 40 पार और 45 के लगभग पहुंच रहा है, जिससे लोगों के साथ में ही जानवर भी परेशान हैं।
मौसम विभाग ने भी अपने ताजा अपडेट में बताया है कि उत्तर-पश्चिमी भारत और मध्य भारत में अगले 4-5 दिनों के दौरान और पूर्वी भारत में अगले 2-3 दिनों के दौरान लू चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने अपडेट में बताया है कि 13 राज्यों में आंधी-तूफान के साथ बारिश की चेतावनी जारी की है।
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान के लिए भारत ने एयर स्पेस 24 मई तक बंद क्यों किया?
उत्तर-पूर्वी भारत में छिटपटु बारिश
इसमें बताया गया है कि इस हफ्ते उत्तर-पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में छिटपटु से लेकर भारी बारिश के साथ में गरज और बिजली गिरने की संभावना है। हालांकि, बारिश के अलर्ट वाले राज्यों में ज्यादातर पूर्वोत्तर के राज्य शामिल हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक अरुणाचल प्रदेश, असम, मिजोरम, मेघालय, नगालैंड, त्रिपुरा और मणिपुर में 24 अप्रैल से आंधी-तूफान के साथ तेज बारिश की संभावना है, जो 29 अप्रैल तक जारी रह सकती है। यहां 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
पश्चिम बंगाल में प्रचंड गर्मी
इसके अलावा चुनावी राज्य पश्चिम बंगाल, यूपी और राजस्थान में दिन और रात दोनों में प्रचंड गर्मी पड़ेगी। लोगों को पंखा, कूलर और एसी चलाकर बिजली खर्च करनी पड़ेगी।
यह भी पढ़ें: जिन जहाजों को ईरान ने पकड़ा, उनमें 22 भारतीय सवार; सरकार ने क्या कहा?
दिल्ली-एनसीआर में पारा 43 पार
वहीं, दिल्ली-एनसीआर भीषण गर्मी और हीट वेव का असर बना हुआ है। आने वाले दिनों में दिल्ली का तापमान 42 से 43 डिग्री सेल्सियस तक बना रहेगा, जिसकी वजह से लोगों को तेज गर्मी और लू का सामना करना पड़ेगा। यहां के लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 24 और 25 अप्रैल को तापमान 43 डिग्री तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। इन दोनों दिनों में दोपहर और शाम के समय हीट वेव का प्रभाव सबसे ज्यादा रहेगा।












