बहराइच जिले के नवाबगंज ब्लॉक में स्वास्थ्य विभाग ने झोलाछाप चिकित्सकों और मानकों के विपरीत चल रहे क्लीनिकों के खिलाफ अभियान चलाया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चरदा के अधीक्षक और नोडल अधिकारी (झोलाछाप चिकित्सक) डॉ. थानेदार के नेतृत्व में वरिष्ठ सहायक अनुराग श्रीवास्तव की टीम ने क्षेत्र के कई निजी क्लीनिकों पर छापेमारी की। इस कार्रवाई में कासिम क्लिनिक, हिन्द केयर क्लिनिक, जनता क्लिनिक और वर्मा पैथोलॉजी सहित कुल आठ क्लीनिकों को नोटिस जारी किया गया। इन क्लीनिकों में आवश्यक दस्तावेजों और मानकों में कमी पाई गई थी। निमिया चौराहा स्थित लव कुश क्लिनिक को अनियमितताएं मिलने पर तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. थानेदार ने बताया कि बिना मानक और नियमों का पालन किए संचालित क्लीनिकों के खिलाफ यह अभियान जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि मरीजों के स्वास्थ्य से किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी निजी चिकित्सालयों और क्लीनिक संचालकों को निर्धारित मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं, और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों के संचालकों में हड़कंप मच गया है।
नवाबगंज में स्वास्थ्य विभाग का अभियान: 8 क्लीनिकों को नोटिस:एक क्लीनिक सील, मानकों का उल्लंघन करने वालों पर होगी कार्रवाई
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












