Homeदेश (National)कहीं आसमान से आग बरसेगी तो कहीं पानी, जानिए देशभर में आज...

कहीं आसमान से आग बरसेगी तो कहीं पानी, जानिए देशभर में आज कैसा रहेगा मौसम

देशभर में खासकर उत्तर भारत और मध्य भारत में गर्मी का प्रकोप देखने को मिल रहा है। बीते दो हफ्तों से लगातार तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में तो लू का अलर्ट जारी कर दिया है और लोगों को गर्मी से बचने के लिए उपाय करने की सलाह दी है। इसके साथ ही पूर्वोत्तर भारत में अभी भी मौसम की गतिविधियां जारी हैं। मौसम विभाग ने आज कुल 12 राज्यों में बारिश होने की संभावना जताई है और इनमें ज्यादातर राज्य पूर्वोत्तर भारत के ही हैं। पूर्वोत्तर के कई राज्यों में आज भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ ही ज्यादातर राज्यों में गर्मी बढ़ने की संभावना जताई गई है।

दिल्ली-एनसीआर में इन दिनों तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है। दिन में तेज धूप से लोगों को भीषण गर्मी का एहसास हो रहा है और तापमान 43 डिग्री सेल्सियस पहुंचने पर हीटवेव का अलर्ट जारी कर दिया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, आज भी दिल्ली वालों को गर्मी का कहर सहना होगा और गर्म हवाएं दिन में भी और रात में भी लोगों को परेशान करेंगी। हालांकि, कल यानी 26 अप्रैल से मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं।

यह भी पढ़ें: ट्रंप के घटिया बयान का वैसा जवाब मोदी सरकार क्यों नहीं देती, जैसा ईरान देता है?

किन राज्यों में होगी बारिश?

उत्तराखंड में कल रात मौसम ने अचानकर करवट ली और बारिश होने लगी। इसके साथ ही आंधी और बिजली कड़कने की घटना भी सामने आई। अचानक हुई इस बारिश से उत्तराखंड में बढ़ रहे तापमान से राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार, आज भी राज्य के 9 जिलों में बारिश होने की संभावना है। अगले 3 दिन तक रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में बारिश के साथ बर्फबारी और ओले गिर सकते हैं। वहीं टिहरी, अल्मोड़ा, नैनीताल, देहरादून में भी 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है।

हिमाचल प्रदेश की बात करें तो यहां भी पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, आज कुछ हिस्सों में बादलों की आवाजाही जारी रहेगी। इसके साथ ही मौसम विभाग ने बारिश का अलर्ट भी जारी किया है। मौसम विभाग ने बताया कि तेज हवाओं के साथ कई जिलों में बारिश हो सकती है। किन्नौर, लाहौल-स्पीति और कुल्लू में भारी बारिश होने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर में भी पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिलेगा और आज कई जिलों में बारिश होने की संभावना है।

पूर्वोत्तर भारत में भी बारिश

उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों के अलावा पूर्वोत्तर भारत में भी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन असम के ऊपर बना हुआ है, जिसके प्रभाव से उत्तर-पूर्वी भाग पर मौसम का मिजाज बदला हुआ है।असम, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, सिक्किम, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और छत्तीसगढ़ में बारिश होने की संभावना है। पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्से में और सिक्किम में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

किन राज्यों में चलेगी लू?

मौसम विभाग ने कई राज्यों में लू का अलर्ट जारी किया है। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में अगले 3-4 दिनों के दौरान भीषण गर्मी और लू चलने की चेतावनी जारी की गई है। कई राज्यों में तो तापमान 44 डिग्री तक पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार, आज राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र में भी लू चलने की संभावना है।


RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments