HomeHealth & Fitnessनिर्वाचन आयोग की बड़ी कार्रवाई, डायमंड हार्बर के 5 पुलिस अधिकारी निलंबित...

निर्वाचन आयोग की बड़ी कार्रवाई, डायमंड हार्बर के 5 पुलिस अधिकारी निलंबित करने के निर्देश

कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के बीच भारत निर्वाचन आयोग ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए डायमंड हार्बर पुलिस जिले के पांच पुलिस अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने और उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए हैं।

आयोग ने इन अधिकारियों पर चुनाव के दौरान निष्पक्षता बनाए रखने में विफल रहने और गंभीर कदाचार के आरोप लगाए हैं। यहां से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी सांसद हैं।

निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल सरकार के मुख्य सचिव को भेजे पत्र में यह आदेश जारी किया। आयोग ने राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी की 22 अप्रैल की रिपोर्ट पर विचार करने के बाद यह निर्णय लिया।

आयोग ने जिन अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं, उनमें डायमंड हार्बर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप गराई, एसडीपीओ सजल मंडल, डायमंड हार्बर थाना प्रभारी मौसम चक्रवर्ती, फलता थाना प्रभारी अजय बाग और उस्थी थाना प्रभारी सुभेच्छा बाग शामिल हैं।

निर्वाचन आयोग ने कहा है कि इन अधिकारियों को तत्काल निलंबित किया जाए तथा उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही शुरू की जाए। संदीप गराई भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी हैं, इसलिए उनके कैडर नियंत्रण प्राधिकरण को भी रिपोर्ट भेजने की बात कही गई है।

इसके अलावा आयोग ने डायमंड हार्बर की पुलिस अधीक्षक डॉ. इशानी पाल को चेतावनी जारी करने के निर्देश दिए हैं। आयोग का कहना है कि वह अपने अधीनस्थ अधिकारियों में अनुशासन और चुनाव जैसे संवेदनशील मामलों में निष्पक्षता सुनिश्चित करने में विफल रहीं।

निर्वाचन आयोग ने राज्य सरकार को आदेशों का तत्काल पालन करने को कहा है और तत्काल अनुपालन रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए हैं।

 

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments