रवीश कुमार मणि
पटना, 27 अप्रैल ( तरूणमित्र ) । शीर्षक- “ भाजपा राज में अपराधियों व भू- माफियाओं से साठगांठ कर “ भगवान “ के नामित ठाकुरबाड़ी के जमीन को लगातार बेच रहा महंत “ खबर को तरूणमित्र ने न्यूज़ पोर्टल पर दोपहर करीब दो बजे प्रकाशित किया था । खबर पर संज्ञान लेते हुए महज चार घंटे के अन्दर बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद के अध्यक्ष प्रो रणवीर नंदन ने वित्तीय अनियमितता, धोखाधड़ी, फर्जीवाड़ा करने एवं निष्क्रियता के आरोप में बाकरगंज स्थित भीखमदास ठाकुरबाड़ी के दोनों महंत जय नारायण दास व विमल दास को तत्काल प्रभाव से हटाने का आदेश दिया है एवं ज़िलाधिकारी पटना को अस्थायी न्यासधारी नियुक्त किया है ।
धार्मिक न्यास बोर्ड के अध्यक्ष प्रो रणवीर नंदन ने पत्रांक- 130, दिनांक- 27 /04/26 जारी करते हुए ज़िलाधिकारी पटना को आदेश दिया है की अविलंब भीखमदास ठाकुरबाड़ी की परिस्थितियों को अपने अधिन लेकर बैंक खाता का संचालन करें एवं पूजा – पाठ , राग- भोग , मंदिर की सुरक्षा- सुव्यवस्था को सुचारु करें । इस बाबत धार्मिक न्यास बोर्ड ने तथाकथित महंत जय नारायण दास व विमल दास को भी सूचित कर दिया है । अध्यक्ष प्रो रणवीर नंदन ने ज़िलाधिकारी पटना को यह भी आदेश दिया है की भीखमदास ठाकुरबाड़ी का संचालन सही तरीक़े से हो इसके लिए अतिशीघ्र न्यास समिति के गठन हेतु नामों का प्रस्ताव भेजें ।
अध्यक्ष रणवीर नंदन नें पत्र में स्पष्ट रूप से लिखा है की भीखमदास ठाकुरबाड़ी के महंत जय नारायण दास व विमल दास ने गल प्रकिया अपनाते हुए ठाकुरबाड़ी की जमीन को बिक्री किया है साथ ही दुकानों से प्राप्त किराया, मंदिर की सम्पत्ति का आय – व्यय का कोई ब्यौरा नहीं दिया है । जो हिन्दू मंदिर अधिनियम की धारा का उल्लंघन है । मालूम हो की भीखमदास ठाकुरबाड़ी के अधीन बाकरगंज में सैकड़ों दुकानें हैं जिससे प्रति माह 8-10 लाख रूपए किराया आता है वहीं पटना के अलग – अलग जगहों पर भी क़ीमती भूखंड है । धार्मिक न्यास बोर्ड के अध्यक्ष प्रो रणवीर नंदन ने स्पष्ट किया है की धार्मिक न्यास बोर्ड के अधीन आनेवाले राज्य में जितने भी मंदिर है उसके परिसम्पत्तियों को सुरक्षित रखने के लिए कठोर कदम उठाए जा रहे है । जो भी न्यासधारी गलत करेंगे उनके खिलाफ सख़्त कार्रवाई की जाएगी । भीखमदास ठाकुरबाड़ी की जमीन को जिसने भी खरीद- बिक्री किया है दोनों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी व धार्मिक न्यास बोर्ड उसे मुक्त करा मंदिर/ ठाकुरबाड़ी को सौंपने का काम करेगी । धार्मिक न्यास बोर्ड के आदेश को बाकरगंज के कारोबारियों ने स्वागत करते हुए न्याय एवं धर्म की जीत बताया है और इसके लिए विशेष कर अध्यक्ष प्रो रणवीर नंदन को धन्यवाद दिया है और इसे एक ऐतिहासिक जीत बताया है । कारोबारियों ने बताया की भीखमदास ठाकुरबाड़ी लठैतों व दबंगों से आज़ाद हुआ, एक दूसरे को मिठाइयाँ खिला जश्न मनाया ।












