आगरा। आगरा के टेढ़ी बगिया स्थित 100 फीट मार्ग इलाके से स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति को दर्शाता एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक बाइक पर तीन लोग सवार नजर आ रहे हैं, जिसमें एक मरीज बीच में बैठा है और पीछे बैठी महिला उसके हाथ में लगी ड्रिप को संभाले हुए दिखाई दे रही है।
जानकारी के अनुसार, मरीज की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी और उसे तुरंत अस्पताल ले जाना आवश्यक था। परिजनों का आरोप है कि समय पर एंबुलेंस नहीं मिल सकी, जिसके कारण उन्हें मजबूरी में बाइक का सहारा लेना पड़ा। इसी दौरान मरीज को ड्रिप लगाकर अस्पताल ले जाया गया।
रास्ते में किसी राहगीर ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो को लेकर लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। कुछ लोग इसे परिजनों की मजबूरी बता रहे हैं, जबकि कई लोग इसे स्वास्थ्य व्यवस्था की बड़ी खामी मानते हुए सवाल उठा रहे हैं।












