मीरजापुर। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में विंध्याचल थाना क्षेत्र के गैपुरा चौकी से करीब एक किलोमीटर दक्षिण-पूर्व कठवइयां गांव के सामने कर्णावती नदी में मंगलवार सुबह 19 वर्षीय युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान राहुल प्रजापति (पुत्र ललित कुमार) निवासी कठवइयां के रूप में हुई है, जो पिछले चार दिनों से लापता था। परिजनों ने 26 अप्रैल को उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मंगलवार सुबह उसके दादा चंद्रमणि प्रजापति ने नदी किनारे शव देखा, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।
चौकी प्रभारी सुरेश दुबे ने बताया कि शव पत्थर से बंधा मिला, जीभ बाहर निकली थी और गर्दन पर चोट के निशान थे, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।थाना प्रभारी अविनाश प्रकाश राय ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट होंगे और तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।बताया गया कि मृतक चार भाइयों में सबसे छोटा था और गैपुरा स्थित आईटीआई कॉलेज में प्लंबर ट्रेड का छात्र था।












