लाठीचार्ज और हिंसा के बीच कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) का प्रदर्शन जंतर-मंतर में जारी है। सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल है। इसमें कुछ लोगों ने आपत्तिजनक नारेबाजी की। इस बीच सीजेपी प्रवक्ता आशुतोष रांका ने स्पष्ट कर दिया है कि प्रदर्शन के दौरान चार ही नारे लगाने की अनुमित होगी।
उन्होंने कहा कि ‘भारत माता की जय’, ‘इंकलाब ज़िंदाबाद’, ‘जय भीम’ और ‘धर्मेंद्र प्रधान इस्तिफ़ा दो’… सिर्फ इन चार नारों पर ही टिके रहें। अगर कोई और नारा लगे तो उन्हें चुप करा दें। वे नैरेटिव बनाना चाहते हैं, हम कोई भी निगेटिव नारा बर्दाश्त नहीं करेंगे।’
यह भी पढ़ें: कल्याण बनर्जी पूरे सत्र से निलंबित, असंसदीय भाषा के इस्तेमाल का आरोप
नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी का विरोध प्रदर्शन दूसरे महीने में पहुंच गया है। 20 जुलाई को ‘संसद चलो’ अभियान के दौरान पुलिस की लाठीचार्ज के बावजूद जंतर-मंतर में प्रदर्शन जारी है।
प्रवक्ता आशुतोष रांका का कहना है कि आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं दे देंगे। उन्होंने आगे कहा कि 20 जुलाई भारत के राजनीतिक इतिहास में खासकर आजादी के बाद के एक अहम पड़ाव था। युवा अब चुप नहीं बैठेंगे।
सुरक्षा व्यवस्था की गई कड़ी
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक सीजेपी और युवा कांग्रेस के अलग-अलग विरोध प्रदर्शनों के मद्देनजर दिल्ली पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है और इसी के चलते लुटियंस दिल्ली इलाके में कड़े सुरक्षा इंतजाम रहेंगे। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए कनॉट प्लेस, जंतर-मंतर, रफी मार्ग, संसद मार्ग और अन्य संवेदनशील स्थानों के आसपास बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी।
कैमरों से की जा रही निगरानी
प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों को तैनात किया जाएगा। वहीं दंगा-रोधी इकाइयां, त्वरित प्रतिक्रिया दल और रिजर्व बलों को तैयार रखा गया है। सीसीटीवी कैमरे से निगरानी बढ़ा दी गई है।
यह भी पढ़ें: ‘आपने समझौता कर लिया क्या?’ बोलने का मौका ना मिलने पर भड़क गए अखिलेश यादव
मेदांता में भर्ती सोनम वांगचुक
सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुकर ने 28 जून को कॉकरोच जनता पार्टी के समर्थन में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की। दिल्ली पुलिस ने 21 दिन बाद उन्हें सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया था। हालांकि सोनम वांगचुक अब गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती हैं। वहीं उनके समर्थन में छात्रों का प्रदर्शन जारी है। मंगलवार की रात कनॉट प्लेस में हिंसा की खबर है। हालांकि समय रहते पुलिस ने भीड़ को काबू कर लिया।












