#बस्ती_न्यूज
बस्ती में भारत सरकार के राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम (एनएडीसीपी) के तहत खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) टीकाकरण अभियान के आठवें चरण का बुधवार को शुभारंभ किया गया। नगर पालिका परिषद बस्ती के अध्यक्ष प्रतिनिधि अंकुर वर्मा ने पशु चिकित्सालय सदर परिसर से टीकाकरण दलों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह अभियान 22 जुलाई से 8 सितंबर 2026 तक 45 दिनों तक चलेगा। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अरुण कुमार गुप्ता ने बताया कि जनपद को 2.50 लाख एफएमडी वैक्सीन उपलब्ध कराई गई हैं। इस दौरान चार माह से अधिक आयु के सभी गोवंशीय एवं महिषवंशीय पशुओं का निःशुल्क टीकाकरण किया जाएगा। डॉ. गुप्ता ने बताया कि पशु चिकित्सकों के नेतृत्व में गठित टीमें गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर पशुओं का टीकाकरण करेंगी। अपर निदेशक, पशुपालन विभाग, बस्ती मंडल के अनुसार, टीकाकरण का पूरा विवरण भारत पशुधन एप पर दर्ज किया जाएगा। प्रत्येक पशु के टीकाकरण से पहले उसके कान में ईयर टैग लगाना अनिवार्य होगा और वैक्सीन की कोल्ड चेन का विशेष ध्यान रखा जाएगा। पशुपालकों से अपील की गई है कि वे अपने पशुओं का समय पर टीकाकरण कराकर उन्हें खुरपका-मुंहपका जैसी संक्रामक बीमारी से सुरक्षित रखें। विभाग ने अभियान को सफल बनाने में सहयोग का आग्रह किया है।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
बस्ती में खुरपका-मुंहपका टीकाकरण अभियान शुरू:2.50 लाख पशुओं को लगेगा टीका, 45 दिन चलेगा अभियान
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












