लखनऊ । राजधानी के अलीगंज क्षेत्र में शोरूम का शटर तोड़कर चोरी करने वाले एक शातिर आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया सामान और घटना में प्रयुक्त ऑटो भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 20 अप्रैल को वादी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके शोरूम का शटर तोड़कर कपड़े, बैग, जूते और नकदी ₹9500 चोरी कर ली गई है। इस आधार पर थाना अलीगंज में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने सीसीटीवी और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी सलमान (उम्र 28 वर्ष) को गोयल चौराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर चोरी का पूरा माल और घटना में इस्तेमाल ऑटो बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश कर दिया है। आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है, जिसमें पहले भी कई चोरी और अन्य गंभीर मामले दर्ज हैं।












